Edited By Swati Sharma, Updated: 30 Aug, 2026 01:10 PM

चंबा जिले के बरौर गांव में जमीनी व पारिवारिक विवाद को लेकर दो परिवारों में खूनी झड़प हो गई। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया।
Chamba News : चंबा जिले के बरौर गांव में जमीनी व पारिवारिक विवाद को लेकर दो परिवारों में खूनी झड़प हो गई। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा रैफर कर दिया है, जबकि 2 मैडीकल कॉलेज चम्बा में उपचाराधीन हैं। एक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। नरेश कुमार पुत्र बलदेव निवासी बरौर ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि जमीनी विवाद को लेकर तिलक राज और उसके परिवार के सदस्यों ने उसके और उसके परिवार के साथ गाली-गलौच की। इसके साथ ही मारपीट और धमकी भी दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तिलक राज समेत 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, तिलक राज के बेटे तरुण ने आरोप लगाया कि बलदेव और उसके परिवार के सदस्यों ने रात करीब 12:15 से 12:25 बजे के बीच उसके और उसके परिवार के साथ झगड़ा किया तथा गाली-गलौच और मारपीट की। शिकायत के अनुसार इस दौरान उसके पिता तिलक राज और भाई के साथ भी मारपीट हुई। तिलक राज के सिर में चोट लगने से खून निकलने की बात शिकायत में कही गई है। तरुण की शिकायत पर पुलिस ने बलदेव समेत 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में घायलों का मैडीकल करवाने के साथ जांच शुरू कर दी है। मैडीकल रिपोर्ट, दोनों पक्षों के बयान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें