Edited By Swati Sharma, Updated: 01 Aug, 2026 10:14 AM

Manali Road Accident : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के मनाली में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां पर एक जिम्नी कार अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी। इस दुखद हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए...
Manali Road Accident : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के मनाली में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां पर एक जिम्नी कार अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी। इस दुखद हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा ओल्ड मनाली के क्लब हाउस के पास हुआ। मृतकों की पहचान मंडी निवासी 32 वर्षीय रोहित कुमार और कुल्लू निवासी करुण बौद्ध के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 1 बजे ओल्ड मनाली के क्लब हाउस के पास एक जिम्नी कार अनियंत्रित होकर मनालसु नाले में जा गिरी। पास ही के एक होटल के मैनेजर ने सड़क के नीचे वाहन गिरने की जोरदार आवाज सुनी। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर देखा कि कार (HP26A0011) नाले में फंसी हुई है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने रोहित कुमार और करुण बौद्ध को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों में विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला शामिल हैं, जिनका फिलहाल उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के मनाली पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, यह हादसा लापरवाही से वाहन चलाने और चालक के नियंत्रण खोने के कारण हुआ।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें