Edited By Vijay, Updated: 05 Aug, 2026 06:19 PM

बिलासपुर जिला के तहत शाहतलाई के समीप सरहयाली खड्ड पुल पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां पानी के टैंकर से जुड़ा एक ट्रैक्टर के पुल से नीचे खड्ड में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई....
शाहतलाई (हिमल): बिलासपुर जिला के तहत शाहतलाई के समीप सरहयाली खड्ड पुल पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। यहां पानी के टैंकर से जुड़ा एक ट्रैक्टर के पुल से नीचे खड्ड में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और तलाई पुलिस ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को एक ट्रैक्टर पानी का टैंकर लेकर सरहयाली खड्ड पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया। इस दौरान बेकाबू ट्रैक्टर पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ पानी के टैंकर सहित सीधे नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार रणजीत सिंह (37) पुत्र अनंत राम निवासी गांव वलू, डाकघर सठवीं (तहसील डटवाल बिझड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुनील कुमार (26 ) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी घुमारपुर और गुलजार (24 ) पुत्र ताज मोहम्मद निवासी वार्ड नंबर-7 (सेऊ) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तलाई पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें नागरिक अस्पताल बड़सर रैफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं तलाई पुलिस थाना के प्रभारी ने टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें