Edited By Swati Sharma, Updated: 06 Aug, 2026 01:29 PM

Hamirpur News : लगभग दो दशकों से एक बड़े अंतर्राज्यीय बस स्टैंड की जरुरत महसूस कर रहे हमीरपुरवासियों की मांग जल्दी ही पूरी होने वाली है। अपने गृह जिले के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा स्वीकृत किया गया यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तेजी...
Hamirpur News : लगभग दो दशकों से एक बड़े अंतर्राज्यीय बस स्टैंड की जरुरत महसूस कर रहे हमीरपुरवासियों की मांग जल्दी ही पूरी होने वाली है। अपने गृह जिले के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा स्वीकृत किया गया यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तेजी से आकार ले रहा है। अपने आंखों के सामने इस बहुमंजिला भवन को आकार लेते हुए देखकर हमीरपुरवासियों में गौरव की अनुभूति हो रही है, क्योंकि यह बस स्टैंड केवल एक आम बस स्टैंड नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा एवं बहुत ही भव्य अंतर्राज्यीय बस स्टैंड होगा और इससे हमीरपुर को एक नई पहचान मिलेगी।
लगभग 125 करोड़ रुपये से बनने जा रहे इस बहुमंजिला बस स्टैंड में बसों और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग के अलावा कई सरकारी और अर्द्ध सरकारी कार्यालयों के संचालन के लिए भी बेहतरीन व्यवस्था रहेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह ने जब हिमाचल प्रदेश की कमान संभाली थी तो उस समय उन्होंने अधिकारियों को हमीरपुर में नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होते ही उन्होंने इस बहुप्रतिक्षित बस स्टैंड के लिए धनराशि का प्रावधान किया और इसका शिलान्यास करके निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर शुरू करवाया। इसका 70 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। अब वह दिन दूर नहीं हैं, जब हमीरपुर में अत्याधुनिक एवं प्रदेश के सबसे बड़े बस स्टैंड का सपना साकार होगा।
प्रदेश के मध्य में स्थित हमीरपुर शहर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसें अंतर्राज्यीय रूटों, प्रदेश के मुख्य शहरों एवं विभिन्न जिलों और लोकल रूटों पर रवाना होती हैं। इतनी बड़ी संख्या में बसों की आवाजाही के कारण हमीरपुर का वर्तमान बस स्टैंड काफी छोटा पड़ गया है। इससे हमीरपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित होती है। नया बस स्टैंड तैयार होने के बाद न केवल हमीरपुर शहर की कई समस्याएं दूर होंगी, बल्कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में सफर करने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा होगी।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें