Edited By Vijay, Updated: 08 May, 2026 04:56 PM

चम्बा-साच रूट पर वीरवार को एचआरटीसी की बस खराब होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। साच से चम्बा के लिए सुबह 10 बजे रवाना होने वाली बस तकनीकी खराबी के कारण साच बस स्टॉप से समय पर निकल ही नहीं पाई।
चम्बा (गायत्री): चम्बा-साच रूट पर वीरवार को एचआरटीसी की बस खराब होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। साच से चम्बा के लिए सुबह 10 बजे रवाना होने वाली बस तकनीकी खराबी के कारण साच बस स्टॉप से समय पर निकल ही नहीं पाई। अचानक आई खराबी से नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों सहित अन्य यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बस के लंबे समय तक ठीक न होने पर कई यात्रियों को करीब 10 किलोमीटर तक पैदल सफर तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा, जबकि कुछ लोग निजी वाहनों का सहारा लेते हुए अतिरिक्त किराया देकर चम्बा पहुंचे।
वहीं मार्ग में विभिन्न स्थानों पर बस का इंतजार कर रहे यात्री भी समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। बस में पंजियारा, दुआरू, साच, धरोटा और किहाल सहित विभिन्न गांवों के यात्री सफर करते हैं। काफी देर तक लोगों ने बस के ठीक होने का इंतजार किया, लेकिन कोई समाधान न निकलने पर यात्रियों को मजबूरन वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि दुर्गम और चढ़ाई वाले सर्पीले मार्गों पर लगातार पुरानी और खस्ताहाल बसें भेजी जा रही हैं। इससे जहां चालक और परिचालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, वहीं यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में बनी रहती है। यात्रियों संजीव कुमार, देसराज, हरीश, बालक राम, प्रेम लाल, शाम लाल, ओम प्रकाश और महिंद्र कुमार ने बताया कि चम्बा-साच रूट पर बसों के बीच रास्ते में खराब होने की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। उन्होंने निगम प्रशासन से इस रूट पर नई और बेहतर बसें चलाने की मांग उठाई।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या पेश आई। उन्होंने कहा कि बस को ठीक करने में कुछ समय लगा। उन्होंने कहा कि नई बसों की मांग सरकार के समक्ष रखी गई है तथा साच रूट पर बेहतर बसें भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें