Edited By Vijay, Updated: 20 Oct, 2026 03:47 PM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंडी पुलिस और सीआईए टीम ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 2 किलो 594 ग्राम चरस बरामद की है।
मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंडी पुलिस और सीआईए टीम ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 2 किलो 594 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कुल्लू से आ रही निजी बस में मिली 2.135 किलो चरस
चरस बरामदगी का पहला मामला सदर मंडी पुलिस थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम शिल्ला किप्पड़ स्थित फोरलेन पुल (बिंद्रावणी) के पास नियमित गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान कुल्लू से मंडी की ओर आ रही एक निजी बस को जांच के लिए रोका गया। यात्रियों की चैकिंग के दौरान एक युवक के पास से 2.135 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत चरस को कब्जे में लेकर आरोपी हरीश राणा निवासी तहसील बंजार, जिला कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया। इस आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सरकाघाट में ऑल्टो टैक्सी से 459 ग्राम चरस पकड़ी
दूसरी कार्रवाई सरकाघाट क्षेत्र में सीआईए टीम द्वारा की गई। टीम इलाके में गश्त पर थी, तभी रौठला-टियाला नघला मुख्य सड़क पर शनिदेव मंदिर के नजदीक (फतेहपुर की तरफ से आ रही) एक सफेद रंग की ऑल्टो टैक्सी को चैकिंग के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान टैक्सी से 459.28 ग्राम चरस बरामद हुई। सरकाघाट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय ने आरोपी को 22 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों ऑप्रेशन्स में कुल 2.594 किलोग्राम चरस पकड़ी गई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस नशे के इस नैटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रही है। अब दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसकी डिलीवरी किसे होनी थी और इस नैटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें