Edited By Vijay, Updated: 27 Oct, 2026 03:00 PM

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो धर्मशाला कार्यालय द्वारा बीडीओ कार्यालय भवारना में सतर्कता जागरूकता सप्ता के तहत एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
भवारना (ब्यूरो): राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो धर्मशाला कार्यालय द्वारा बीडीओ कार्यालय भवारना में सतर्कता जागरूकता सप्ता के तहत एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीडी भाटिया ने की, जिसमें स्थानीय लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
सत्यनिष्ठा से समृद्धि थीम पर दिया जोर
इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज से भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करना था। शिविर के दौरान सत्यनिष्ठा से समृद्धि की थीम पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रैजैंटेशन के माध्यम से उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भ्रष्टाचार-मुक्त हिमाचल के विजन से अवगत करवाया गया। अधिकारियों ने बताया कि एक पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के निर्माण के लिए आम जनता की भागीदारी सबसे अहम है।
शिकायत के लिए जारी किए हैल्पलाइन नंबर और क्यूआर कोड
कार्यक्रम में लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ बेखौफ होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो नागरिक तुरंत विजिलैंस विभाग को इसकी सूचना दें। इसके लिए विभाग ने टोल-फ्री हैल्पलाइन नंबर 1064 और लैंडलाइन नंबर 0177-2629893 जारी किए हैं। इसके साथ ही, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल व डिजिटल बनाने के लिए विजिलैंस अधिकारियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को एक क्यूआर कोड भी उपलब्ध करवाया। इस क्यूआर कोड को स्कैन करके लोग भ्रष्टाचार से जुड़ी अपनी शिकायत सीधे विजिलैंस विभाग तक पहुंचा सकते हैं। लोगों को आश्वस्त किया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाती है।
विजिलैंस टीम ने जनता के सवालों के दिए जवाब
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीडी भाटिया ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस लड़ाई में विजिलैंस ब्यूरो का साथ दें। इस दौरान विजिलैंस पुलिस थाना के इंस्पैक्टर नरेश कुमार, इंस्पैक्टर बिंदु कुमार और कांस्टेबल अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे। इन्होंने भी उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन किया, विभागीय कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी और भ्रष्टाचार निवारण से जुड़े लोगों के विभिन्न सवालों के संतोषजनक जवाब दिए। इस मौके पर राजस्व विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें