Himachal Weather: रोहतांग में हिमपात, इन जिलों में कोहरे का अलर्ट, जानें Update

Edited By Jyoti M, Updated: 15 Dec, 2025 10:16 AM

snowfall in rohtang fog alert issued for these districts

देवभूमि हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जहां पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है, वहीं निचले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। रविवार को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच, लाहौल...

हिमाचल डेस्क। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जहां पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है, वहीं निचले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

रविवार को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच, लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया। इसमें प्रसिद्ध बारालाचा, कुंजुम दर्रा, शिकुंला और 13,050 फुट ऊंचा रोहतांग दर्रा शामिल हैं। बर्फ़बारी के तुरंत बाद, संपूर्ण लाहौल घाटी भीषण शीतलहर की चपेट में आ गई है, जिससे पारा काफी नीचे गिर गया है। ताबो (लाहौल स्पीति) में 37 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने ठंड का एहसास और बढ़ा दिया है।

शिमला से ज़्यादा ठंडी रातें

दिलचस्प बात यह है कि पर्यटन नगरी शिमला के मुकाबले अब राज्य के निचले शहर अधिक ठंडे हो रहे हैं। ऊना, धर्मशाला, मनाली, हमीरपुर, बिलासपुर, और मंडी जैसे क्षेत्रों में रात का तापमान शिमला से भी नीचे चला गया है।

कोहरे का अलर्ट जारी

मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में कोहरे का प्रकोप बढ़ गया है। बिलासपुर में घना, जबकि मंडी में हल्का कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए बिलासपुर और मंडी क्षेत्रों में घने कोहरे का विशेष अलर्ट जारी किया है। राज्य के न्यूनतम तापमान में औसत 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

तापमान और आगामी अनुमान

सबसे ठंडा स्थान: कुकुमसेरी (लाहौल स्पीति) में 4.3 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

तापमान का अंतर: मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान स्थिर रहा, जबकि निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में यह 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है।

अधिकतम तापमान में गिरावट: दिन के अधिकतम तापमान में कई स्थानों पर 2 से 7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

आगामी मौसम: मौसम केंद्र शिमला के अनुसार, 19 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। 20 दिसंबर को ऊंचे क्षेत्रों में हल्के हिमपात के आसार हैं।

चालकों के लिए ख़ास हिदायत

मौसम विशेषज्ञों ने विशेष रूप से कोहरे वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों को आगाह किया है। सुरक्षित ड्राइविंग के लिए धीमी गति बनाए रखने और अनिवार्य रूप से फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है, क्योंकि आने वाले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!