Edited By Vijay, Updated: 08 May, 2026 11:26 PM

बिजली बोर्ड ने राशन कार्ड के आधार पर दो बिजली मीटर पर बिजली सबसिडी देना शुरू कर दी है। ऐसे में अब यदि किसी मकान मालिक के 2 से अधिक मीटर हैं तो वह मनचाहे दो मीटरों का चयन कर दो मीटरों पर सबसिडी प्राप्त कर सकते हैं।
शिमला (राजेश): बिजली बोर्ड ने राशन कार्ड के आधार पर दो बिजली मीटर पर बिजली सबसिडी देना शुरू कर दी है। ऐसे में अब यदि किसी मकान मालिक के 2 से अधिक मीटर हैं तो वह मनचाहे दो मीटरों का चयन कर दो मीटरों पर सबसिडी प्राप्त कर सकते हैं। इससे पहले प्राथमिक चरण में जब प्रदेश सरकार ने यह घोषणा की थी तो बिजली बोर्ड ने पहले महीने में पहले लगे दो मीटरों पर सबसिडी दी, क्योंकि बोर्ड प्रबंधन के पास मीटर चयनित करवाने के लिए अधिक समय नहीं था लेकिन बिजली बोर्ड ने मनचाहे दो मीटरों पर सबसिडी देने का निर्णय लिया है। वहीं इसके लिए बिजली बोर्ड की अधिकारिक वैबसाइट पर यह ऑप्शन भी एड कर दिया है। जिसमें बिजली उपभोक्ता बिजली बोर्ड के दिए गए ऑप्शन पर जाकर कंज्यूमर आईडी व आधार ओटीपी डाल कर सबसिडी के दो मीटरों का चयन कर सकेंगे। वहीं अगले महीने उपभोक्ता द्वारा चयनित मीटरों पर सबसिडी मिलेगी और अन्य पर सबसिडी खत्म हो जाएगी।
उपभोक्ता के कितने मीटर और किस पर मिल रही सबसिडी, ऐसे चलेगा पता
बोर्ड द्वारा दिए गए ऑप्शन में किसी भी एक मीटर की कंज्यूमर आईडी एंटर करने के बाद उपभोक्ता को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। इस ओटीपी के एंटर करते ही उपभोक्ता के नाम पर कितने मीटर हैं, यह जानकारी डैशबोर्ड पर सामने आएगी। वहीं किन-किन मीटरों पर सबसिडी मिल रही है यह जानकारी भी कंज्यूमर आईडी के साथ होगी। इसी ऑप्शन के बाद बिजली उपभोक्ता अपने दो मीटरों का चयन करेगा, जिस पर उन्हें सबसिडी चाहिए। वहीं अपडेट ऑप्शन के बाद दो मीटरों का चयन हो जाएगा।
ई-केवाईसी न करवाने वाले उपभोक्ता नहीं बदल सकेंगे मीटरों की सबसिडी
दो मीटरों पर सबसिडी देने से पहले प्रदेश सरकार व बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं का सर्वे करवाया था। वहीं बिजली बोर्ड ने प्रदेश भर में बिजली मीटर की ई-केवाईसी भी करवाई थी। ई-केवाईसी के माध्यम से उपभोक्ता के मीटर आधार व राशन कार्ड से लिंक हो गए थे। ऐसे में प्रदेश के सभी मीटर आधार से जुड़ गए हैं, लेकिन जिन उपभोक्ताओं ने अपनी बिजली मीटर की ई-केवाईसी नहीं करवाई होगी उन्हें कंज्यूमर आईडी के बाद ओटीपी नहीं आएगा और वे सबसिडी के मीटर का चयन नहीं कर सकेंगे।
कई उपभोक्ताओं के पास हैं 10 से 15 मीटर
राजधानी शिमला सहित प्रदेश भर में कई बिजली उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिनके पास 10 से 15 बिजली मीटर भी लगे हैं। बीते वर्षों में इन सभी मीटरों पर मकान मालिकों को सबसिडी मिल रही थी लेकिन प्रदेश सरकार ने अब दो मीटरों पर ही सबसिडी दी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें