Edited By Vijay, Updated: 05 Sep, 2026 01:39 PM

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन पर लगाम कसने के लिए पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऊना पुलिस की स्पैशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने कोटला खुर्द इलाके में कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 10 ग्राम चिट्टे के साथ...
ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन पर लगाम कसने के लिए पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऊना पुलिस की स्पैशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने कोटला खुर्द इलाके में कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 10 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नशा तोलने वाली एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी बरामद हुई है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि वह नशे की खरीद-फरोख्त के कारोबार में संलिप्त था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना पुलिस की एसआईयू टीम को इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने कोटला खुर्द स्थित शिव मंदिर के समीप दबिश दी। इस दौरान वहां मौजूद राजिंद्र शर्मा निवासी कोटला खुर्द की संदेह के आधार पर तलाशी ली गई। जब पुलिस ने उसके बैग को चैक किया तो उसमें से 10 ग्राम चिट्टा और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए ऊना के एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी यह खेप कहां से लाया था और आगे इसे किन लोगों को बेचा जाना था, इसका पता लगाया जा रहा है ताकि इस पूरे नशा नैटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। एसपी ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र का मुख्य आधार स्तंभ होती है। उन्हें नशे के अंधकार से निकालकर सही दिशा देना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस ऊना नशा माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। एसपी ने आम लोगों से आग्रह किया है कि यदि उनके आसपास नशे की अवैध बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी गतिविधि होती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें