Shimla: फेसबुक की राजनीति से बाहर निकलें विक्रमादित्य, वरना जनता देगी करारा जवाब : विक्रम

Edited By Kuldeep, Updated: 13 Apr, 2026 05:13 PM

shimla vikramaditya facebook politics

पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक विक्रम ठाकुर ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को फेसबुक की राजनीति से बाहर निकलने की सलाह दी है।

शिमला (ब्यूरो): पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक विक्रम ठाकुर ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को फेसबुक की राजनीति से बाहर निकलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि वह ऐसा नहीं करते तो जनता उन्हें करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री जैसे वरिष्ठ नेताओं पर कीचड़ उछलकर कोई भी व्यक्ति बड़ा नहीं बन सकता, बल्कि इससे उनकी अपनी राजनीतिक कमजोरी और हताशा उजागर होती है। विक्रम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में आरोप लगाया कि अपनी ही सरकार और पार्टी में हाशिए पर जा चुके विक्रमादित्य सिंह अब सुर्खियों में बने रहने के लिए अमर्यादित बयान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली दरबार में नंबर बनाने और हाईकमान की गुड बुक में आने की लालसा में वह हिमाचल की राजनीतिक संस्कृति को तार-तार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते साढ़े 3 वर्षों में लोक निर्माण विभाग पूरी तरह फेल साबित हुआ है। प्रदेश की सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आज तक मलबा नहीं हटाया गया है।

विक्रम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस के 4 विधायकों ने विक्रमादित्य सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाकर उनकी कार्यक्षमता की पोल खोल दी, लेकिन जवाब देने की बजाय मंत्री सदन में चुप्पी साधे बैठे रहे। यह पहली बार है, जब कोई मंत्री सदन के सवालों का जवाब देने से बचता हुआ चैंबर में बुलाने की बात करता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आज सभी विकास कार्य केंद्र सरकार के सहयोग से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हमेशा हिमाचल के विकास को प्राथमिकता दी, लेकिन मंत्री उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करके अपनी ओछी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को राहुल गांधी मॉडल की भटकाऊ और नकारात्मक राजनीति से बचना चाहिए।

आधुनिक भारत के निर्माण में अम्बेदकर का योगदान अतुलनीय : बिंदल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा है कि आधुनिक भारत के निर्माण में बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेदकर का योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज में व्याप्त कुरीतियों पर प्रहार करते हुए एक ऐसे संविधान का निर्माण किया, जिसने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। डा. राजीव बिंदल ने शिमला से जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रथम के संदेश में भी बाबा साहेब के विचारों की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहर लाल नेहरू ने उनके खिलाफ चुनाव प्रचार करके उन्हें संसद से दूर रखने का प्रयास किया।

यहां तक कि उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा। बाबा साहेब को भारत रत्न का सम्मान भी काफी देर से मिला, जिसे अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के प्रयासों से सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में आपातकाल लगाकर इंदिरा गांधी ने संविधान की मूल भावना को आयात पहुंचाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंच तीर्थों का निर्माण कर बाबा साहेब को वास्तविक सम्मान दिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!