विधानसभा : सिंगल टीचर वाले स्कूलों के लिए नई नीति लाएंगे : सुक्खू

Edited By Kuldeep, Updated: 02 Sep, 2026 05:43 PM

shimla teacher new policy

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार सिंगल टीचर वाले स्कूलों के लिए जल्द नई नीति लाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है।

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार सिंगल टीचर वाले स्कूलों के लिए जल्द नई नीति लाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने शून्यकाल के दौरान भाजपा विधायक रीना कश्यप की तरफ से उठाए गए विषय के दौरान हस्तक्षेप करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सिरमौर के युवाओं ने शिक्षकों की नई भर्ती में अपनी प्रतिभा का कौशल दिखाया है। क्षेत्र में 25 से 30 फीसदी तक युवाओं का प्रतियोगी परीक्षाओं को पास करना बड़ी बात है।

इससे पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल में रिकार्ड 16,000 शिक्षकों की भर्तियां करेगी। उन्होंने कहा कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के 12 स्कूलों में शिक्षकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरेगी। उन्होंने कहा कि दुर्गम और कठिन क्षेत्रों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने में परेशानी आ रही है। भाजपा विधायक रीना कश्यप ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के 12 प्राइमरी स्कूलों में किसी शिक्षक के नहीं होने पर चिंता जताई।

वहीं विधायक आशीष शर्मा की तरफ से उठाए मामले के उत्तर में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश को मिसिंग ब्रिज के तहत 140 करोड़ रुपए मिले हैं। सरकार इसका निर्माण कार्य समय पर करवाने का प्रयास करेगी। आशीष शर्मा ने जाहू-हमीरपुर सड़क पर क्षतिग्रस्त हुए पुलों का मामला उठाया था। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि चीफ इंजीनियर व एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हमीरपुर से वह इस मामले को उठाएंगे।

कांगड़ा से मैक्लोडगंज को जोड़ने वाली सड़कों की हालत सुधारी जाए
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कांगड़ा से मैक्लोडगंज को जोड़ने वाली सड़कों की हालत सुधारने की मांग की। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस पर कहा कि मुख्यमंत्री की तरफ से कांगड़ा को पर्यटन राजधानी घोषित किया गया है। ऐसे में कांगड़ा से मैक्लोडगंज को जोड़ने वाली सड़कों की हालत सुधारना सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ऊना जिला के रामपुर में 3 वर्ष पहले क्षतिग्रस्त हुए पुल के स्थान पर नया पुल बनाए जाने का मामला उठाया। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इस विषय को मुख्यमंत्री तथा उनसे उठाया है। इसके निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 5.30 करोड़ रुपए पीडब्ल्यूडी डिविजन ऊना को स्वीकृत किए गए हैं तथा इस कार्य को शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

विपिन परमार बोले, सुलह में लंबी दूरी व ग्रामीण रूट पर बसें बंद की
भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि सुलह विधानसभा क्षेत्र में लंबी दूरी व ग्रामीण रूट पर चलने वाली कई बसें बंद की गई हैं। क्षेत्र में 12 लाख किलोमीटर तक चली बसें क्षेत्र में चल रही हैं, जो खराब रहती हैं। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यह विषय सरकार के संज्ञान में आ गया है तथा इस पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने विधानसभा में शून्यकाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग में कैडर का विकल्प चुनने के लिए अवसर उपलब्ध करवाए जाने की मांग की। स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल ने कहा कि विभाग में कैडर को अलग-अलग करने का निर्णय लिया गया है। भविष्य में कैडर चुनने के लिए फिर से विकल्प देने का मामला विचाराधीन है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!