Edited By Vijay, Updated: 14 May, 2026 05:03 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला जिला पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस थाना सुन्नी की टीम ने घराट नाला क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान....
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला जिला पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस थाना सुन्नी की टीम ने घराट नाला क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार में चिट्टा तस्करी का पर्दाफाश करते हुए एक युवक और महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुन्नी की टीम घराट नाला क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान शिमला की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को चैकिंग के लिए रोका गया। पुलिस ने जब स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की बारीकी से तलाशी ली तो कार के अंदर छिपाकर रखा गया 18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान महेश कुमार (28) पुत्र बालाराम निवासी गांव खमारला, तहसील करसोग व जिला मंडी और मनोरमा देवी (34) पत्नी पुरुषोत्तम राम निवासी गांव झमयाट, तहसील भोरंज व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। शिमला पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। नियमानुसार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब इस मामले की गहन तफ्तीश कर रही है कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। जिला पुलिस प्रशासन ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरैंस की नीति लगातार जारी रहेगी। इस अवैध धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की पुष्टि एसएसपी शिमला ने की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें