Edited By Kuldeep, Updated: 15 May, 2024 10:56 PM
![shimla lok sabha assembly nomination](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2024_5image_22_55_550768695nominationinshimla-ll.jpg)
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा तथा विधानसभा उपचुनावों के लिए दाखिल हुए नामांकन पत्रों की बुधवार को छंटनी की गई। इसमें लोकसभा के लिए 51 उम्मीदवारों में से 40 उम्मीदवारों के नामांकन छंटनी के उपरान्त सही पाए गए तथा 11 नामांकन पत्रों को रद्द किया गया।
पड़ताल के बाद लोकसभा के 11 व विधानसभा उपचुनावों के 3 नामांकन रद्द
शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में लोकसभा तथा विधानसभा उपचुनावों के लिए दाखिल हुए नामांकन पत्रों की बुधवार को छंटनी की गई। इसमें लोकसभा के लिए 51 उम्मीदवारों में से 40 उम्मीदवारों के नामांकन छंटनी के उपरान्त सही पाए गए तथा 11 नामांकन पत्रों को रद्द किया गया। इसी तरह विधानसभा उपचुनावों के लिए 33 उम्मीदवारों के नामांकनों में से 25 के नामांकन सही पाए गए तथा 3 को रद्द किया गया है। शेष 5 उम्मीदवारों ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जिनकी छंटनी प्रक्रिया बुधवार काे नहीं हो सकी। अब यह प्रक्रिया वीरवार को होगी। जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को रद्द किया गया है उनमें अधिकांश कवरिंग उम्मीदवार थे। केवल 3 निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन रद्द किए गए हैं, जिन्होंने लोकसभा के लिए अपने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें कांगड़ा से 1 व मंडी से 2 निर्दलीय शामिल हैं, जिनके नामांकन रद्द किए गए हैं। छंटनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संसदीय क्षेत्र कांगड़ा में 11 उम्मीदवार, मंडी में 10, हमीरपुर में 12 तथा शिमला में 7 उम्मीदवारों के नामांकन प्रपत्र सही पाए गए। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी के विजय कुमार, कांग्रेस के आशीष बुटेल जो दोनों अपने दलों के कवरिंग प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवार संजय कुमार राणा के प्रपत्र रद्द किए गए हैं।
मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के सुन्दर सिंह ठाकुर और भाजपा के गोविन्द सिंह ठाकुर जो दोनों अपने दलों के कवरिंग प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवारों लायक राम नेगी और सुख राम के प्रपत्र रद्द किए गए हैं। इसी तरह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में बसपा के रत्न चन्द कटोच, कांग्रेस की अंजना देवी व भाजपा के वीरेन्द्र कंवर के नामांकन रद्द किए गए, जो सभी कवरिंग उम्मीदवार थे। इसी प्रकार शिमला संसदीय क्षेत्र में भाजपा की कवरिंग प्रत्याशी रीना कश्यप का नामांकन रद्द किया गया। इसके अलावा 6 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों में 33 उम्मीदवारों में से 25 नामांकन प्रपत्र सही पाए गए। धर्मशाला में 5 में से 4, लाहौल-स्पीति में 4 में से 3, सुजानपुर में 8 में से 8, बड़सर में 3 में से 3 तथा गगरेट में 8 में से 7 प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए, जबकि कुटलैहड़ से 5 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जिनकी छंटनी वीरवार को होगी। छंटनी प्रक्रिया के बाद धर्मशाला में कांग्रेस के सुरेश कुमार, लाहौल-स्पीति में कांग्रेस के अनिल कुमार और गगरेट में कांग्रेस की रेणु कालिया के नामांकन प्रपत्र रद्द किए गए, जो सभी कवरिंग प्रत्याशी थे। सुजानपुर व बड़सर में सभी नामांकन प्रपत्र सही पाए गए।
कुटलैहड़ में छंटनी प्रक्रिया हुई स्थगित
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को होने वाली छंटनी प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया। इसे एक उम्मीदवार की आपत्ति के कारण आगामी दिवस के लिए स्थगित किया गया है। अब यहां पर वीरवार को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी।