हिमाचल में हिमालयन बर्ड काऊंट में दर्ज की 208 पक्षी प्रजातियां

Edited By Kuldeep, Updated: 10 May, 2026 07:25 PM

shimla himalayan bird 208 birds species

हिमाचल प्रदेश ने हिमालयन बर्ड काऊंट और ग्लोबल बिग डे-2026 के दौरान 208 पक्षी प्रजातियों का रिकॉर्ड दर्ज कर पक्षी संरक्षण और नागरिक विज्ञान के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है।

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश ने हिमालयन बर्ड काऊंट और ग्लोबल बिग डे-2026 के दौरान 208 पक्षी प्रजातियों का रिकॉर्ड दर्ज कर पक्षी संरक्षण और नागरिक विज्ञान के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। पहली बार प्रदेश के सभी 12 जिलों में पक्षी गणना और प्रलेखन गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 146 ई-बर्ड चैकलिस्ट जमा हुईं। इस अभियान में 1500 से अधिक पक्षी प्रेमियों, छात्रों, प्रकृति उत्साहियों, फोटोग्राफरों और वन अधिकारियों ने भाग लिया। प्रदेश में बर्ड वॉचिंग संस्कृति और प्रकृति संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में कांगड़ा जिला सबसे आगे रहा, जहां 126 पक्षी प्रजातियां रिकॉर्ड की गईं।

मंडी जिला में सबसे अधिक 37 चैकलिस्ट जमा हुईं, जबकि किन्नौर में 31 चैकलिस्ट दर्ज की गईं। हमीरपुर और ऊना जैसे नए शामिल जिलों ने भी उत्साहजनक भागीदारी दर्ज कराई। वर्ष 2024 में प्रदेश के 8 जिलों से 78 ई-बर्ड चैकलिस्ट के माध्यम से 166 पक्षी प्रजातियां दर्ज की गई थीं। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 183 प्रजातियां और 87 चैकलिस्ट तक पहुंचा, जबकि इस वर्ष 2026 में 208 प्रजातियों और 146 चैकलिस्ट के साथ नया रिकॉर्ड बना। गणना के दौरान विशेषज्ञों ने पाया कि कई पक्षी प्रजातियां इस मौसम में सक्रिय रूप से प्रजनन कर रही थीं, जिसे हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र और पक्षियों की स्वस्थ आबादी के लिए सकारात्मक संकेत माना गया।

रीजनल बर्ड काऊंट इंडिया के समन्वयक संतोष ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि जागरूकता अभियानों और स्थानीय समुदायों की सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को प्रकृति और जैव विविधता के प्रति जागरूक बनाने के साथ-साथ वैज्ञानिक डेटा एकत्र करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पीसीसीएफ वन्यप्राणी प्रभाग एवं चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन आर. लानुन सांगा ने आयोजन में शामिल सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और जिला समन्वयकों को बधाई देते हुए कहा कि नागरिक विज्ञान आधारित ऐसी पहलें भविष्य में हिमाचल प्रदेश के जैव विविधता संरक्षण प्रयासों को और मजबूत करेंगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!