सरकारी सूचना लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का करें प्रयोग

Edited By Kuldeep, Updated: 08 Jun, 2020 09:04 PM

shimla government information social media experiment jairam

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया की भूमिका के प्रयोग पर बल दिया है।

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया की भूमिका के प्रयोग पर बल दिया है। उन्होंने यहां सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि समाचारों को शीघ्रता से लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संचार के वर्तमान युग में मीडिया की भूमिका अहम है और जनसंपर्क पेशेवरों को प्रदेश सरकार के कार्यक्रमों और नीतियों को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लीक से हटकर सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के प्रचार व प्रसार के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए। विकासात्मक लेख और सफलता की कहानियां इलैक्ट्रॉनिक मीडिया और पिं्रट मीडिया को उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।

गिरिराज साप्ताहिक में शोध पर आधारित लेख प्रकाशित किए जाने चाहिए
 उन्होंने कहा कि गिरिराज साप्ताहिक समाचार पत्र और हिमप्रस्थ पत्रिका प्रदेश सरकार के कार्यक्रमों और नीतियों की वास्तविक जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रचार के प्रभावी साधन हो सकते हैं। गिरिराज साप्ताहिक में अधिक दिलचस्प और शोध पर आधारित लेख प्रकाशित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस साप्ताहिक में प्रकाशित होने वाले लेख पहले से नियोजित किए जाने चाहिए, ताकि वे अधिक पठनीय और प्रभावशाली हों। उन्होंने विभिन्न राज्यों के जनसंपर्क विभागों की कार्यप्रणाली पर अध्ययन करने को भी कहा, ताकि विभाग में नयापन लाया जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यू-ट्यूब, फेसबुक, ट्विटर और ब्लॉग जैसे सोशल मीडिया मंचों का भरपूर उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। मुख्य सचिव अनिल खाची, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा और निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हरबंस सिंह ब्रसकोन ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!