Edited By Swati Sharma, Updated: 04 Jul, 2026 01:17 PM

Shimla News : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को सिटी स्कैन, एक्स-रे तथा अल्ट्रासाउंड जैसी नैदानिक सेवाओं के लिए बिना किसी इंतजार के जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि राज्य में...
Shimla News : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को सिटी स्कैन, एक्स-रे तथा अल्ट्रासाउंड जैसी नैदानिक सेवाओं के लिए बिना किसी इंतजार के जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए समय पर जांच की सुविधा मिलना बेहद जरूरी है।
शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, चमियाना के नैदानिक विभागों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने विभाग को आवश्यक जांच सेवाएं प्रदान करने में होने वाली देरी खत्म करने के लिए ठोस प्रयास करने को कहा। उन्होंने जांच प्रणाली को और मजबूत करने तथा मरीजों को तुरंत सेवाएं देने के उद्देश्य को पूरा करने के लिए डॉक्टरों से सुझाव भी मांगे हैं। सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार आवश्यक कर्मी और आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध करा रही है तथा मेडिकल, पैरामेडिकल और तकनीकी स्टाफ के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है। उन्होंने कहा कि इन उपायों से राज्य के भीतर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी और मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हिमाचल प्रदेश से बाहर जाने की जरूरत कम होगी। सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकताएं बनी हुई हैं तथा दोनों क्षेत्रों के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं। आईजीएमसी के डॉक्टरों की मांग का जवाब देते हुए उन्होंने घोषणा की कि नैदानिक क्षमताओं को बढ़ाने और मरीजों की देखभाल में सुधार के लिए संस्थान को जल्द ही एक 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन प्रदान की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे का व्यापक आधुनिकीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली के एम्स में उपलब्ध सुविधाओं के स्तर के उन्नत चिकित्सा उपकरण खरीदने के लिए 3,000 करोड़ रुपये निर्धारित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि ये आधुनिक मशीनें न केवल सरकारी मेडिकल कॉलेजों में बल्कि राज्य भर के जिला, क्षेत्रीय और नागरिक अस्पतालों में भी स्थापित की जायेंगी, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को बेहतर बनाया जा सके। श्री सुक्खू ने दोहराया कि सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने और हर नागरिक के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता देना जारी रखेगी।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें