Edited By Vijay, Updated: 27 May, 2026 06:22 PM

हिमाचल प्रदेश के पंचायत चुनावों में कई ऐसे चेहरे जीतकर सामने आए हैं, जिनकी पहचान राजनीति से कहीं बढ़कर समाज सेवा की रही है। इन्हीं में से एक नाम है राजेंद्र कुमार, जो हाल ही में पालमपुर की बड़सर पंचायत के नए प्रधान चुने गए हैं।
पालमपुर (भृगु): हिमाचल प्रदेश के पंचायत चुनावों में कई ऐसे चेहरे जीतकर सामने आए हैं, जिनकी पहचान राजनीति से कहीं बढ़कर समाज सेवा की रही है। इन्हीं में से एक नाम है राजेंद्र कुमार, जो हाल ही में पालमपुर की बड़सर पंचायत के नए प्रधान चुने गए हैं। राजेंद्र कुमार की यह जीत सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं है, बल्कि उनके समर्पण, संघर्ष और जनसेवा को जनता का सलाम है। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी राजेंद्र कुमार के भीतर का सैनिक कभी रिटायर नहीं हुआ। उन्होंने अपने जीवन का अगला मिशन दुर्गम क्षेत्रों में जनहित के कार्यों को बनाया।
10 हजार फुट की ऊंचाई पर पहुंचाई 175 सोलर लाइटें
राजेंद्र कुमार वही शख्सियत हैं, जिन्होंने आस्था और सेवा का एक अद्भुत उदाहरण पेश किया था। उन्होंने मां श्री आदि हिमानी चामुंडा मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक भगीरथ प्रयास किया। अपने साथी एवं तत्कालीन उपप्रधान किशोरी लाल के साथ मिलकर राजेंद्र ने कठिन और दुर्गम पहाड़ी रास्तों को पैदल नापा और करीब 10 हजार फुट की ऊंचाई तक 175 सोलर लाइटें पहुंचाईं। इन दोनों के अथक प्रयासों से आज यह पूरा मार्ग रोशन है और श्रद्धालु रात के समय भी सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से माता के दर्शनों के लिए यात्रा कर पाते हैं।
पूर्व सीएम शांता कुमार कर चुके हैं सम्मानित
राजेंद्र कुमार की इसी निस्वार्थ सेवा भावना को समाज के हर वर्ग ने सराहा है। हाल ही में सामाजिक संस्था 'इन्साफ' द्वारा आयोजित एक समारोह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने उन्हें उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया था। इस पुनीत कार्य को लेकर इन्साफ संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने भी राजेंद्र की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि आदि हिमानी चामुंडा मार्ग को रोशन करना उनकी संस्था का एक ड्रीम प्रोजैक्ट था। इस सपने को हकीकत में बदलने और इस मुश्किल मिशन को सफल बनाने में राजेंद्र कुमार की भूमिका सबसे अहम और सराहनीय रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें