Edited By Kuldeep, Updated: 28 Oct, 2026 06:23 PM

सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने मानसून आपदा से हुए नुक्सान और प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
पालमपुर: सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने मानसून आपदा से हुए नुक्सान और प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार राहत, पुनर्वास और क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे की बहाली के लिए ठोस कदम उठाए। परमार ने कहा कि मानसून आपदा से हुए नुक्सान का आकलन हजारों करोड़ रुपए में पहुंच गया है और प्रदेश सरकार ने केंद्र से 3525 करोड़ रुपए की सहायता मांगी है। उन्होंने मांग की कि सरकार प्रभावित परिवारों को दी गई राहत, लंबित मामलों और पुनर्निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट जारी करे।
उन्होंने कहा कि सड़कें, पुल और पेयजल योजनाएं बहाल करना प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि इनके क्षतिग्रस्त होने से मरीजों, विद्यार्थियों, किसानों और पर्यटन कारोबार पर असर पड़ता है। उन्होंने संबंधित विभागों से कार्यों की प्राथमिकता तय कर उन्हें पूरा करने की समयसीमा निर्धारित करने की मांग की। परमार ने कहा कि संवेदनशील ढलानों का वैज्ञानिक अध्ययन, प्रभावी जल निकासी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय दीर्घकालीन योजना का हिस्सा होने चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समय पर राहत मिलनी चाहिए और कोई भी परिवार प्रशासनिक देरी के कारण सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।