Edited By Kuldeep, Updated: 01 Jul, 2026 07:14 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने भ्रष्टाचार और आतंकवाद को देश के लिए सबसे बड़ी चुनौतियां बताते हुए कहा कि इन पर अंकुश लगाने के लिए कठोर और प्रभावी कानून बनाने की आवश्यकता है।
पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने भ्रष्टाचार और आतंकवाद को देश के लिए सबसे बड़ी चुनौतियां बताते हुए कहा कि इन पर अंकुश लगाने के लिए कठोर और प्रभावी कानून बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, लेकिन भ्रष्टाचार और आतंकवाद जैसी समस्याएं इस विकास को प्रभावित कर रही हैं। शांता कुमार ने कहा कि आतंकवाद की घटनाएं देश की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने हाल की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरे का संकेत हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार भी देश की प्रगति में बड़ी बाधा बन रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने जैसी घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है और व्यवस्था के प्रति भरोसा कमजोर पड़ता है। उन्होंने अन्य गंभीर घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समाज में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार और आतंकवाद जैसे गंभीर अपराधों के लिए अलग से सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि दोषी पाए जाने वालों के लिए मृत्युदंड या आजीवन कठोर कारावास जैसी कड़ी सजा का प्रावधान होना चाहिए।