Edited By Kuldeep, Updated: 17 Aug, 2026 09:05 PM

पुलिस जिला नूरपुर की ओर से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए विंग नूरपुर की टीम ने मुग्तयाल-भलेटा में कार्रवाई करते हुए 320 ग्राम चरस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
नूरपुर (राकेश): पुलिस जिला नूरपुर की ओर से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए विंग नूरपुर की टीम ने मुग्तयाल-भलेटा में कार्रवाई करते हुए 320 ग्राम चरस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार टीम गश्त पर थी, इसी दौरान सूचना मिली कि मुग्तयाल निवासी रोहित कुमार (32) अपने घर में चरस छिपाकर रखने के साथ इसकी बिक्री की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ आरोपी के घर पहुंची और तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे में डबल बैड के गद्दे के नीचे छिपाकर रखा पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें काले रंग का ठोस पदार्थ था।
डिजिटल तराजू से वजन करने पर इसमें 320 ग्राम चरस पाई गई। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एडीशनल एसपी नूरपुर डीसी वर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस थाना नूरपुर में अभियोग संख्या 207/2026, दिनांक 14 अगस्त 2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।