Sirmour: 45 हजार करोड़ का कर्ज लिया, महंगाई से भी जनता पर बोझ डाला : बिंदल

Edited By Kuldeep, Updated: 31 Oct, 2026 06:53 PM

nahan inflation the public burden

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार ने एक ओर जहां करीब 45 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया है, वहीं दूसरी ओर महंगाई और विभिन्न करों के माध्यम से भी आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ डाला है।

नाहन (आशु): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार ने एक ओर जहां करीब 45 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया है, वहीं दूसरी ओर महंगाई और विभिन्न करों के माध्यम से भी आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता पर इतना बोझ डाला गया और सरकार ने इतना कर्ज लिया तो आखिर यह पैसा खर्च कहां हुआ? जिला भाजपा कार्यालय नाहन में आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी में पैट्रोल और डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त वैट और 3 रुपए प्रति लीटर सैस को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डीजल-पैट्रोल पर 7 रुपए प्रति लीटर अतिरिक्त वैट लगाकर हजारों करोड़ रुपए वसूले और अब सैस लगाकर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।

सीमैंट के प्रत्येक बैग पर 80 रुपए टैक्स लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे निर्माण कार्य करवाने वाले आम परिवारों और गरीब लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। बिजली की दरों में बढ़ौतरी को लेकर उन्होंने प्रदेश के करीब 16 लाख उपभोक्ताओं का मुद्दा उठाया। वहीं, एचआरटीसी बसों के किराए में 4 गुना तक बढ़ौतरी किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका सबसे अधिक असर गरीब और रोजाना सफर करने वाले लोगों पर पड़ा है। राशन डिपो में मिलने वाले राशन, दाल और तेल की कीमतों में बढ़ौतरी का मुद्दा उठाया। एफिडेविट और एग्रीमैंट बनाने में इस्तेमाल होने वाले कागज की कीमतें भी 500 और 1,000 रुपए तक पहुंच गई हैं। सरकारी और निजी स्कूलों की फीस में बढ़ौतरी को लेकर भी सरकार की आलोचना की। इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप, प्रताप ठाकुर सहित पार्टी के अन्य नेता व कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

सड़कों, स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति पर सरकार को घेरा
बिंदल ने प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में सड़कें खराब हालत में हैं। स्कूलों में कमरों और शिक्षकों की कमी है, जबकि अस्पतालों में डॉक्टरों, दवाइयों, जांच और उपचार सुविधाओं की कमी बनी हुई है। पेयजल आपूर्ति, राशन डिपो और पशु चिकित्सालयों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा मिला है। चूल्हा टैक्स और एंट्री टैक्स को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनका असर आम जनता के साथ-साथ किसान और बागवान वर्ग पर भी पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और बागवानों को मिलने वाली सबसिडी बंद कर दी गई है।

वृद्धावस्था पैंशन के भुगतान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को पैंशन नहीं मिल रही है। इसके अलावा हिमकेयर, आयुष्मान और सहारा जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। अंत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार से कर्ज, महंगाई और विभिन्न करों के माध्यम से जुटाए गए धन के उपयोग को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार के पास आए हजारों करोड़ रुपए आखिर कहां खर्च किए गए।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!