Edited By Kuldeep, Updated: 29 Aug, 2026 11:22 PM

नादौन शहर को पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान दिलाने के लिए यहां गंगा घाट की तर्ज पर भव्य घाट विकसित किया जाएगा।
नादौन (जैन): नादौन शहर को पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान दिलाने के लिए यहां गंगा घाट की तर्ज पर भव्य घाट विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण और पर्यटन सुविधाओं के विकास पर सरकार करीब 250 करोड़ रुपए खर्च करेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन के शिलान्यास अवसर पर की। उन्होंने स्कूल के भवन की आधारशिला रखी जिसके निर्माण पर 17.52 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस स्कूल भवन में सारी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्यास नदी के किनारे गंगा घाट की तर्ज पर घाट विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है जिससे क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। घाट के विकसित होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि नादौन में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का कार्य दिसम्बर तक पूरा करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए हैं।
इसी प्रकार स्कूल के नए भवन का निर्माण कार्य भी दिसम्बर तक पूरा करने के लिए अधिकारियों को कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे हों। उन्होंने नादौन की जनता का लगातार मिल रहे स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के प्यार व विश्वास ने मुझे मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचाया है और मैं उनके कल्याण तथा क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष शमी सोनी की अध्यक्षता में शहरवासियों ने मुख्यमंत्री को हिमाचली टोपी, शॉल और तलवार तथा विद्यालय प्रशासन की ओर से चावल की टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।
बहुउद्देश्यीय खेल परिसर का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन सहित प्रदेशभर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नादौन में निर्माणाधीन अत्याधुनिक बहुउद्देश्यीय खेल परिसर का निरीक्षण किया, जिसे 180 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिले में एम्स स्तर का आयुर्वैदिक संस्थान स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए हिमाचल प्रदेश देश के 5 शॉर्टलिस्ट किए गए राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में एक एलाइड एंड हैल्थ केयर मैडीकल कॉलेज भी स्थापित किया जाएगा और इसे जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक संजय रतन, हिमाचल प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डा. मोहन लाल, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया, विधायक संजय, ब्लाक कांग्रेस प्रधान कैप्टन पृथ्वी चंद, कांग्रेसी नेता शम्मी सोनी, कांग्रेस नेता रविंद्र गद्दी, कांग्रेसी नेता बलजीत संधू, मोंटी संधू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुंगरू सोनी, पंचायत पुतड़ियाल उपप्रधान संजीव कुमार, पवन शर्मा, जिला कांग्रेस सचिव निशा कटोच, विवेक कटोच, न.प. पूर्व चेयरपर्सन रीना देवी, राजेंद्र चौधरी, अतुल कड़ोहता, कांग्रेस नेता डा. मोहन लाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य स्वर्ण लता, प्रधान अजय अत्री, पंचायत प्रधान दंगड़ी अनीता कुमारी, नसीब सिंह, जिला परिषद सदस्य रविंद्र गद्दी, मोती जोशी, विजेंद्र चौधरी, कांग्रेस नेता शशि शर्मा, दिले मोहम्मद, कांग्रेस नेता पुष्पिंद्र वर्मा, महेश चौधरी, राजेंद्र चौधरी, संतोष संधू, अजीत सिंह नीटू व राजीव कुमार सहित पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।