Hamirpur News: सुजानपुर में शरारती तत्वों का आतंक, चौराहे में पार्क कार के दिनदहाड़े तोड़े शीशे

Edited By Vijay, Updated: 19 Jun, 2026 08:02 PM

menace of miscreants in sujanpur car windows smashed in broad daylight

शहर के वार्ड नंबर 2 में नर्वदेश्वर मंदिर के साथ चौराहे में पार्क की गई निजी कार का शरारती तत्वों द्वारा दिनदहाड़े फ्रंट व बैक का शीशा पत्थर से तोड़ दिया गया।

सुजानपुर (अश्वनी): हमीरपुर जिला में शरारती तत्वों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सुजानपुर के वार्ड नंबर-2 का है, जहां नर्वदेश्वर मंदिर के साथ वाले चौराहे पर पार्क की गई एक निजी कार को शरारती तत्वों ने अपना निशाना बनाया। शरारती तत्वों ने पत्थर मारकर कार के आगे और पीछे (फ्रंट व बैक) के शीशे बुरी तरह चकनाचूर कर दिए।

कार के मालिक कपिल वर्मा ने बताया कि वह रोजाना अपनी गाड़ी इसी चौराहे पर पार्क करते हैं। गुरुवार को भी उन्होंने अपनी कार वहीं खड़ी की थी। जब वह देर रात अपनी ड्यूटी खत्म करके घर लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी कार के फ्रंट और बैक दोनों शीशे टूटे हुए हैं। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस थाना प्रभारी और वार्ड नंबर-2 के पार्षद मनीष गुप्ता को दी। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद मनीष गुप्ता और पुलिस टीम मौके पर पहुंच और स्थिति का जायजा लिया।

यह कोई पहला मामला नहीं है जब इस इलाके में वाहनों को नुक्सान पहुंचाया गया हो। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी 2 से 3 वाहनों के शीशे इसी तरह तोड़े जा चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय निवासियों में रोष और असुरक्षा का माहौल है। वहीं पार्षद ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि यह सब शरारती तत्वों की करतूत है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नर्वदेश्वर मंदिर के बाहरी परिसर में जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं, साथ ही सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों द्वारा इलाके की रूटीन चैकिंग और गश्त बढ़ाई जाए।

उधर, सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वार्ड नंबर-2 में कार के शीशे तोड़ने की शिकायत थाने में दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटना में शामिल शरारती तत्वों की तलाश तेज कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!