Edited By Vijay, Updated: 12 May, 2026 02:11 PM

जनजातीय जिला किन्नौर के पूह उपमंडल के तहत मूरंग पंचायत के थवारिंग वार्ड में एक भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। इस घटना में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई है।
रिकांगपिओ (राजकुमार): जनजातीय जिला किन्नौर के पूह उपमंडल के तहत मूरंग पंचायत के थवारिंग वार्ड में एक भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। इस घटना में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जानी नुक्सान की कोई खबर नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले स्थानीय निवासी अरविन्द कुमार के घर में भड़की। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें आसमान छूने लगीं। घटना की भनक लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत और त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर काबू पा लिया गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो पूरा इलाका इसकी चपेट में आ सकता था।
इस अग्निकांड में सबसे बड़ा खमियाजा अरविन्द कुमार के परिवार को भुगतना पड़ा है। उनका घर और उसके अंदर रखा जीवन भर की कमाई का सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है। इसके अलावा आग की तेज लपटों की चपेट में आने से पड़ोसी हंस राज और यशमान सिंह के घरों को भी आंशिक रूप से नुक्सान पहुंचा है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और संबंधित विभाग इसकी गहनता से जांच कर रहा है।
पूह के एडीएम घनश्याम दास शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है। अरविन्द कुमार को 20,000 रुपए, हंस राज को 10,000 और यशमान सिंह को 10,000 रुपए की फौरी राहत मुहैया करवाई गई है। एडीएम ने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुक्सान का विस्तृत आकलन करने में जुटी हुई है। रिपोर्ट आने के बाद राहत मैनुअल के प्रावधानों के आधार पर प्रभावित परिवारों को आगामी उचित मुआवजा भी प्रदान किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें