Mandi: जयराम भूल गए अब सरकार हमारी है, निर्णय हम लेंगे : सुक्खू

Edited By Kuldeep, Updated: 13 May, 2026 08:06 PM

mandi jairam cm commentary

नगर निगम मंडी के चुनावी रण में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हुंकार भरते हुए विपक्ष और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

मंडी (रजनीश): नगर निगम मंडी के चुनावी रण में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हुंकार भरते हुए विपक्ष और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र की भेदभाव वाली राजनीति से वे घबराने वाले नहीं हैं और हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प पूरा होकर रहेगा। बुधवार को टारना, नेला और टाऊन हॉल में आयोजित चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास, आपदा राहत और भाजपा की नीतियों पर जमकर प्रहार किए। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में जनभावनाओं की अनदेखी की गई। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को घेरते हुए कहा कि जयराम ठाकुर आज बैहना जैसे ग्रामीण वार्डों को बाहर करने की बात कर रहे हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए इन क्षेत्रों को जबरन निगम में उन्होंने ही शामिल किया था।

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि शायद जयराम भूल गए हैं कि अब उनकी सरकार नहीं है। अब सरकार हमारी है और जनता के हित में निर्णय हम लेंगे। सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री पर केवल अपने क्षेत्र का विकास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए सराज में 18-18 विश्राम गृह बना दिए लेकिन मंडी शहर को अनदेखा किया। सत्ता में रहते हुए जयराम को केवल सराज याद आया और अब चुनाव आते ही उन्हें मंडी की याद आ रही है और मंडी मेरी है का रोना रो रहे हैं। उन्होंने शिवधाम के लिए बजट का प्रावधान तक नहीं किया और बिना स्टाफ के संस्थान खोलकर जनता को गुमराह किया।

चुनाव जीतने के बाद 1 जून को हर वार्ड के लिए जारी करेंगे 50-50 लाख की राशि
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि नगर निगम चुनाव जीतने के बाद 1 जून को हर वार्ड के लिए 50-50 लाख रुपए की राशि तुरंत जारी की जाएगी। मंडी शहर के सौंदर्यीकरण और विकास पर 180 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे व आईआरडीपी की 1.20 लाख महिलाओं को 1500-1500 रुपए की मासिक सम्मान निधि दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल अभी भी 1500 करोड़ रुपए के आपदा पैकेज का इंतजार कर रहा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि शायद वह राहत राशि अभी सोनीपत में फंसी है।

केंद्र की गलत नीतियों के कारण आम आदमी महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रहा : पाटिल
चुनाव प्रचार के सिलसिले में मंडी पहुंचीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने जहां एक ओर केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए, वहीं प्रदेश की सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली की पीठ थपथपाई। चुनाव प्रचार के दौरान अपने संबोधन में रजनी पाटिल ने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण आज आम आदमी महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल वायदों की राजनीति करती है, जबकि धरातल पर विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। पाटिल ने कार्यकर्त्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि नगर निगम चुनावों में जनता भाजपा को करारा जवाब देने के लिए तैयार है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!