Edited By Kuldeep, Updated: 15 Jun, 2026 05:17 PM

शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पैशल सैल की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
शिमला (संतोष): शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पैशल सैल की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पैशल सैल शिमला की टीम शोघी पुलिस चौकी के समीप गश्त और चैकिंग ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान गोपनीय सूचना और संदेह के आधार पर टीम ने एक गाड़ी को चैकिंग के लिए रोका। जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ को कब्जे में ले लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी युवा हैं और पुलिस अब इनके बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है।
आरोपियों की पहचान अभिनव शर्मा (21) पुत्र राजीव शर्मा, निवासी शिमला, लवेश गोयल (23) पुत्र विजय कुमार, निवासी जिला बिलासपुर (वर्तमान में शिमला में किराएदार) और शिवम सरसवाल (23 वर्ष) पुत्र हरदयाल सिंह, निवासी शिमला के रूप में हुई है। पुलिस थाना बालूगंज में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।