Edited By Vijay, Updated: 24 Apr, 2026 09:38 PM

स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती और बेहतर प्रबंधन के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। चिकित्सालय ने कायाकल्प अवार्ड (कैटेगरी-2) के तहत प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
करसोग (धर्मवीर गौतम): स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती और बेहतर प्रबंधन के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। चिकित्सालय ने कायाकल्प अवार्ड (कैटेगरी-2) के तहत प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए अस्पताल को 5 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। वहीं, इसी कड़ी में मंडी जिला के पीएचसी चुराग ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिला में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जिसके लिए उसे 2 लाख रुपए का पुरस्कार मिला है।
नागरिक चिकित्सालय करसोग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और आधुनिक उपकरणों ने स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा बदल दी है। अस्पताल में अब नई एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड और प्रस्तावित सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं, आईसीयू, वेंटिलेटर और एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की उपलब्धता से अब गंभीर मरीजों को भी बेहतर और समय पर उपचार मिल रहा है। मरीजों को लाइनों से राहत दिलाने के लिए टोकन सिस्टम, ऑनलाइन पर्ची और डिजिटल रिपोर्ट की सुविधा शुरू की गई है, जिससे उपचार प्रक्रिया सरल हो गई है। इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन जल्द ही 12 बैड की नवजात शिशु देखभाल इकाई शुरू करने की तैयारी में है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में और इजाफा होगा।
खंड चिकित्सा अधिकारी ने टीम वर्क को दिया श्रेय
इस सफलता पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अस्पताल के पूरे स्टाफ, प्रशासन और विशेष रूप से क्षेत्रवासियों के सहयोग का परिणाम है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें