Edited By Kuldeep, Updated: 11 Jul, 2026 09:48 PM

विकास खंड सुलह की ग्राम पंचायत पुढ़बा की पहली ग्राम सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। ग्राम सभा ने पंचायत क्षेत्र में बिना पंजीकरण फेरी वालों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा सभी किराएदारों का पंजीकरण अनिवार्य करने का फैसला लिया।
आलमपुर/कांगड़ा/भवारना: विकास खंड सुलह की ग्राम पंचायत पुढ़बा की पहली ग्राम सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। ग्राम सभा ने पंचायत क्षेत्र में बिना पंजीकरण फेरी वालों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा सभी किराएदारों का पंजीकरण अनिवार्य करने का फैसला लिया। पंचायत प्रधान मंजू देवी ने बताया कि इन निर्णयों का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और सामाजिक अनुशासन बनाए रखना है। ग्राम सभा में यह भी तय किया गया कि किसी भी शुभ अवसर पर आने वाले किन्नरों को बीपीएल परिवार 1,100 रुपए तथा अन्य परिवार 2,100 रुपए सम्मान स्वरूप देंगे। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने या कूड़ा फैंकने वालों पर 5,000 रुपए तक जुर्माना लगाने तथा नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में जिला परिषद सदस्य सरिता राणा, पंचायत समिति सदस्य पूजा देवी, उपप्रधान अनूप वालिया व पंचायत सचिव अनिल कुमार सहित सभी वार्ड सदस्य मौजूद रहे।
नंदरूल पंचायत ने भी तय की किन्नरों की बधाई राशि
ग्राम पंचायत नंदरूल की पहली पंचायत बैठक में भी विवाह, मुंडन और पुत्र जन्म के अवसर पर किन्नरों को दी जाने वाली बधाई राशि 1,100 और 2,100 रुपए निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा पंचायत की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी घर में बधाई लेने जाने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सीसीटीवी कैमरे लगाने, लाइब्रेरी, पुलिस चौकी, नई पेयजल योजना, श्मशानघाट मार्ग निर्माण और अन्य विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए।
नशा तस्करों की सूचना तुरंत दें, नाम रहेगा गोपनीय : एसएचओ
भवारना पुलिस ने भवारना और भड़गवार पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया। थाना प्रभारी गुरुदेव सिंह ने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। दोनों पंचायतों के प्रधानों और प्रतिनिधियों ने पुलिस को अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।