Edited By Swati Sharma, Updated: 20 Jun, 2026 02:48 PM

Indora News : अवैध वन कटान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कंडवाल बैरियर चौक पर देर रात की गई नाकेबंदी के दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी से भरे एक वाहन को...
Indora News : अवैध वन कटान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कंडवाल बैरियर चौक पर देर रात की गई नाकेबंदी के दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी से भरे एक वाहन को रंगे हाथों दबोचा है। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के वन माफिया और तस्करों में हड़कंप मच गया है। रेंज अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने वाहन सहित पूरी खेप को अपने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम कंडवाल बैरियर चौक पर नियमित सुरक्षा जांच और नाकेबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान देर रात एक संदिग्ध मालवाहक वाहन को जांच के लिए रोका गया। गहन तलाशी के दौरान वाहन संख्या HP 38C-3537 में भारी मात्रा में लकड़ी लदी हुई पाई गई। जब टीम ने वाहन चालक से लकड़ी के परिवहन से जुड़े वैध परमिट और वन विभाग के प्राधिकृत दस्तावेज पेश करने को कहा, तो वह कोई भी संतोषजनक कागजात दिखाने में पूरी तरह नाकाम रहा। इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लकड़ी सहित वाहन को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
वन रेंज अधिकारी ने की पुष्टि
मामले की पुष्टि करते हुए वन रेंज अधिकारी अब्दुल हामिद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि लकड़ी का यह परिवहन पूरी तरह से गैर-कानूनी था और इस खेप को चोरी-छिपे पड़ोसी राज्य पंजाब की तरफ ले जाया जा रहा था। उन्होंने अवैध तस्करों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य की वन संपदा की चोरी और इसका अवैध परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें