Mandi: जिस पर किया भरोसा...उसी ने दिया धोखा! घर से लाखों के गहने चोरी कर फरार हुआ नौकर

Edited By Vijay, Updated: 01 May, 2026 07:50 PM

jewellery stolen from home

मंडी जिला के उपमंडल सुंदरनगर के अंतर्गत आते भोजपुर बाजार में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।

सुंदरनगर (सोढी): मंडी जिला के उपमंडल सुंदरनगर के अंतर्गत आते भोजपुर बाजार में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना में किसी बाहरी व्यक्ति का नहीं, बल्कि बीते 8 वर्षों से काम कर रहे घरेलू नौकर का ही हाथ होने का संदेह जताया गया है। पीड़ित महिला कृष्णा देवी पत्नी स्वर्गीय कश्मीरी लाल अग्रवाल, निवासी मकान नंबर 44/9, भोजपुर बाजार ने पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत दर्ज करवाई है।

शिकायत के अनुसार 29 अप्रैल की सुबह कृष्णा देवी अपने पोते आकाश अग्रवाल के साथ देव पूजन के लिए थुनाग गई थीं। उस समय उनके बेटे और बहू मलेशिया में थे। घर पर केवल उनका घरेलू नौकर मोंगल हसदा मौजूद था, जो पिछले करीब 8 वर्षों से उनके परिवार के साथ काम कर रहा था।

थुनाग में होने के दौरान परिवार ने नौकर को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। संदेह होने पर जब वे शाम करीब 7:45 बजे घर वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर सन्न रह गए। नौकर घर से गायब था और पोते के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अलमारी खंगालने पर पता चला कि वहां रखे सोने के कंगन, अंगूठी व अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका है। घटना के बाद पीड़िता का पोता आकाश अग्रवाल आरोपी नौकर को ढूंढने के लिए असम के लिए रवाना हो गया है। उधर, पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने आम नागरिकों से कड़े शब्दों में अपील की है कि वे घरों में काम करने वाले नौकरों और अन्य कर्मचारियों का पुलिस सत्यापनअवश्य करवाएं। उन्होंने यह भी सलाह दी है कि कीमती सामान हमेशा सुरक्षित स्थानों पर ही रखें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!