दिल्ली में गूंजे कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के मुद्दे, CII की बैठक में उद्योगपतियों ने उठाईं ये 3 बड़ी मांगें

Edited By Vijay, Updated: 11 Aug, 2026 01:24 PM

industrialists raised their demands at cii meeting

इंडिया हैबिटेट सैंटर नई दिल्ली में सीआईआई (भारतीय उद्योग परिसंघ) की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक में आयोजित की गई, जिसमें हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, शिमला से सांसद सुरेश कश्यप, कांगड़ा से सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा सहित...

नाहन (आशु): इंडिया हैबिटेट सैंटर नई दिल्ली में सीआईआई (भारतीय उद्योग परिसंघ) की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक में आयोजित की गई, जिसमें हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, शिमला से सांसद सुरेश कश्यप, कांगड़ा से सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा सहित सीआईआई हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष संजय सूरी सहित अन्य प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस बैठक में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति अखिल महेश्वरी ने औद्योगिक क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं, आधारभूत सुविधाओं और उद्योगों की आवश्यकताओं को प्रमुखता से सामने रखा। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र के विकास और उद्योगों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा हुई।

आधुनिक अग्निशमन सुविधाओं का मुद्दा उठाया
अखिल महेश्वरी ने हाल ही में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की एक औद्योगिक इकाई में हुए भीषण अग्निकांड का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कालाअंब में फायर स्टेशन मौजूद है, लेकिन बड़ी औद्योगिक आग की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आधुनिक उपकरणों और पर्याप्त क्षमता वाली अग्निशमन सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बड़ी आग की घटनाओं के दौरान कई बार यमुनानगर, नारायणगढ़ और अंबाला जैसे क्षेत्रों से भी अतिरिक्त फायर टेंडर मंगवाने पड़ते हैं। बाहरी क्षेत्रों से दमकल वाहनों के पहुंचने में लगने वाला समय आपात स्थिति में काफी महत्वपूर्ण हो जाता है और इस दौरान आग से होने वाला नुकसान बढ़ जाता है। उन्होंने मांग की कि कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध अग्निशमन व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और पर्याप्त संसाधनों से मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी बड़ी औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके और जान-माल व औद्योगिक संपत्ति को होने वाले नुक्सान को कम किया जा सके।

PunjabKesari

खराब सड़क और जलभराव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया
बैठक में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से होकर त्रिलोकपुर सहित आसपास के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। अखिल महेश्वरी ने कहा कि बरसात के दौरान इस मार्ग पर जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है और सड़क की स्थिति भी चिंता का विषय है। इससे औद्योगिक इकाइयों में आने-जाने वाले वाहनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कामगारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सड़क की आवश्यक मरम्मत एवं सुधार के साथ-साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि बरसात के दौरान यातायात प्रभावित न हो और औद्योगिक गतिविधियां सुचारू रूप से चलती रहें।

कालाअंब को रेल नैटवर्क से जोड़ने की मांग
अखिल महेश्वरी ने कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि कालाअंब जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र को रेल कनैक्टिविटी मिलने से उद्योगों को काफी लाभ मिल सकता है। रेल सुविधा से कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इससे परिवहन के समय और लागत को कम करने के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि कालाअंब को रेल नैटवर्क से जोड़ने का लाभ केवल उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय जनता और औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत मजदूर वर्ग को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकती है।

औद्योगिक विकास के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं जरूरी
अखिल महेश्वरी ने कहा कि कालाअंब हिमाचल प्रदेश का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है और यहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। ऐसे में उद्योगों के सुचारू संचालन और भविष्य में नए निवेश को आकर्षित करने के लिए बेहतर सड़क, आधुनिक अग्निशमन व्यवस्था और रेल कनैक्टिविटी जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि इन बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाता है, तो इससे उद्योगों को सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक के माध्यम से कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की इन प्रमुख समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाते हुए इनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया गया। बैठक में कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े इन तीनों प्रमुख मुद्दों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!