Edited By Vijay, Updated: 09 Jul, 2026 02:48 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को काटने के लिए करसोग पुलिस ने एक बड़ा और सफल ऑप्रेशन अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान एक होंडा सिटी कार से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद कर तीन तस्करों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
करसोग (धर्मवीर गौतम): हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को काटने के लिए करसोग पुलिस ने एक बड़ा और सफल ऑप्रेशन अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान एक होंडा सिटी कार से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद कर तीन तस्करों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करों के पूरे नैटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है।
सीट के नीचे बैग में छिपाई थी खेप
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम इलाके में गश्त और चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार (CH 01AK-4503) को तलाशी के लिए रोका गया। पुलिस ने जब वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो चालक की सीट के पीछे और पिछली सीट के नीचे एक पीले रंग का जिप वाला कैरी बैग मिला, जिसमें से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद हुई। चरस की खेप मिलते ही पुलिस ने कार में सवार तीनों लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान कार चालक नरेश कुमार पुत्र दुनी चंद निवासी गांव रौडीधार, डाकघर जस्सल, तहसील करसोग व जिला मंडी, पुनीत पुत्र स्वर्गीय शौक राम निवासी गांव व डाकघर सुन्नी, तहसील सुन्नी व जिला शिमला और पदम सिंह पुत्र स्वर्गीय बालम सिंह, निवासी गांव खडेहण, डाकघर शाकरा, तहसील करसोग व जिला मंडी के रूप में की गई है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तलाश रही पुलिस
इतनी भारी मात्रा में चरस पकड़े जाने के बाद पुलिस अब इस नैटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तलाश रही है। प्रारंभिक जांच में इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने यह चरस कहां से खरीदी थी और इसकी सप्लाई आगे किस इलाके में की जानी थी। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सफेदपोश चेहरों तक पहुंचने की भी कोशिश कर रही है।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नहीं बख्शे जाएंगे : एसडीपीओ
एसडीपीओ चांद किशोर ने पुष्टि करते कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का यह जीरो टॉलरैंस अभियान लगातार जारी है। नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जो लोग युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानून के तहत सबसे कड़ी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे से जुड़ी कोई भी गतिविधि होती है, तो बेझिझक पुलिस को सूचना दें, ताकि इस जहर को समाज से खत्म किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें