Edited By Swati Sharma, Updated: 13 Jul, 2026 03:35 PM

Una News : हरोली के स्वास्थ्य क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सिविल अस्पताल हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन की आधारशिला रखी। लगभग 8.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन अस्पताल की स्वास्थ्य...
Una News : हरोली के स्वास्थ्य क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सिविल अस्पताल हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन की आधारशिला रखी। लगभग 8.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन अस्पताल की स्वास्थ्य अधोसंरचना को और सुदृढ़ करेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे हरोली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, आधुनिक एवं अधिक सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल हरोली को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है और उसी के अनुरूप अतिरिक्त 50 बिस्तरों के लिए इस भवन का निर्माण किया जा रहा है। भवन तैयार होने के बाद अस्पताल में मरीजों को अधिक व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा बढ़ती स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा और विस्तार
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सिविल अस्पताल हरोली में वर्तमान में 11 चिकित्सक कार्यरत हैं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का कोई भी स्वास्थ्य संस्थान चिकित्सकों के बिना नहीं है। क्षेत्र में ईएसआई अस्पताल खोलने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को और अधिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डॉक्टरों के आवास और आधुनिक एंबुलेंस की सौगात
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के लिए आवासों का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा सिविल अस्पताल हरोली को शीघ्र ही लगभग 25 लाख रुपये की लागत वाली पूर्णतः सुसज्जित आधुनिक एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के अनुरूप प्रदेशभर में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें