Edited By Kuldeep, Updated: 10 Nov, 2026 08:38 PM

सराज घाटी की देव परंपराओं में मंगलवार को एक ऐसा ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जिसने इस क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी।
गोहर (सतीश): सराज घाटी की देव परंपराओं में मंगलवार को एक ऐसा ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जिसने इस क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी। जिला स्तरीय सराज दीप उत्सव के दौरान थुनाग बाजार में पहली बार देव बिट्ठू नारायण और देव काला कामेश्वर का भव्य मिलन हुआ, जिसके साक्षी हजारों श्रद्धालु बने। इस ऐतिहासिक अवसर को खास बनाने के लिए थाची क्षेत्र के आराध्य देव बिठ्ठू नारायण करीब 700 से 800 देवलुओं संग थुनाग पहुंचे। देवता ने थाची से शैटाधार और चिऊणी होते हुए लगभग 50 किलोमीटर का सफर तय किया। देव काला कामेश्वर की कमेटी और देवता के गूर खेम सिंह ठाकुर की ओर से मिले निमंत्रण पर देवता ने इस धार्मिक आयोजन में शिरकत की।
इसके बाद दोनों देवता माता हिडिम्बा की कोठी में विराजमान हुए। गौरतलब है कि पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदा के चलते सराज दीप उत्सव आयोजित नहीं हो सका था। एक साल के अंतराल के बाद आयोजित हो रहे इस मेले में इस बार देव आस्था का उत्साह भी चरम पर है। उत्सव में देव बिठ्ठू नारायण और देव काला कामेश्वर के अलावा माता हिडिम्बा, देवी दुलासन, देव जहल और देव पताल सहित 6 देवी-देवता शामिल हो रहे हैं।
रामेश ठाकुर के गीतों पर झूमे दर्शक
सराज दीप उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक रामेश ठाकुर ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया। उन्होंने लगातार कई लोकप्रिय लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी गायकी और मंच पर प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा। वहीं, मंगलवार को आयोजित दूसरी सांस्कृतिक संध्या में अनिल राणा ने अपनी आवाज से दर्शकों का मनोरंजन किया।