Edited By Vijay, Updated: 04 Nov, 2026 11:18 AM

पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब माफिया और तस्कर भले ही नए-नए पैंतरे आजमा रहे हों, लेकिन खाकी की मुस्तैदी के आगे उनके सारे तरीके फेल साबित हो रहे हैं।
सुंदरनगर (सोढी): पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब माफिया और तस्कर भले ही नए-नए पैंतरे आजमा रहे हों, लेकिन खाकी की मुस्तैदी के आगे उनके सारे तरीके फेल साबित हो रहे हैं। ताजा मामले में धनोटू पुलिस ने तस्करी के एक ऐसे ही मामले का भंडाफोड़ किया है, जहां सब्जियों की खाली क्रेट की आड़ में अवैध रूप से बीयर की बड़ी खेप ढोई जा रही थी। पुलिस टीम ने नौलखा फ्लाईओवर के समीप नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप जीप से 116 पेटी अवैध बीयर बरामद कर आरोपी चालक को धर दबोचा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना धनोटू की एक टीम एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में नियमित गश्त और यातायात चैकिंग पर तैनात थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सुंदरनगर से मंडी की तरफ जा रही एक पिकअप जीप में अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नौलखा फ्लाईओवर के पास संदिग्ध जीप को जांच के लिए रुकवाया। जब पुलिसकर्मियों ने गाड़ी की तलाशी ली तो ऊपर से सब्जियों की खाली प्लास्टिक क्रेट लदी दिखीं, लेकिन जब पुलिस ने संदेह के आधार पर इन क्रेटों को हटाया, तो उनके नीचे बड़ी चालाकी से छिपाकर रखी गईं बीयर की 116 गत्ता पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस द्वारा जब्त की गई इस खेप में 110 पेटियां टूबॉर्ग और 6 पेटियां किंगफिशर ब्रांड की हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इन सभी पेटियों पर सेल इन पंजाब मार्का अंकित है। जब पुलिस ने जीप चालक से इस खेप के संबंध में वैध दस्तावेज या परमिट मांगा तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके तुरंत बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बीयर की पेटियों को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए आरोपी चालक की पहचान सौरभ, निवासी गांव पलासला, डाकघर कपाहड़ा, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अब इस तस्करी के नैटवर्क की जड़ें खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पंजाब में बिकने वाली बीयर की यह खेप आखिर कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस ठिकाने पर पहुंचाया जाना था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें