Edited By Kuldeep, Updated: 31 Oct, 2026 03:55 PM

बल्ह क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठयाहूं में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक किसान की 4 भेड़ों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।
रिवालसर: बल्ह क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठयाहूं में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक किसान की 4 भेड़ों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। घटना शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे की बताई जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार गांव कठयाहूं निवासी किसान टेक सिंह पुत्र प्रेम सिंह ने अपनी 4 भेड़ों को पशुशाला के समीप बांध रखा था। इसी दौरान 4 से 5 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक भेड़ों पर हमला कर दिया और उन्हें शरीर के कई हिस्सों पर बुरी तरह काटकर घायल कर दिया।
भेड़ों की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुत्ते उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर चुके थे। स्थानीय पंचायत प्रधान देवी सिंह, उपप्रधान धनी राम, वार्ड सदस्य धनीराम व ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर सहित संजय कुमार, शिव देवी, इंद्र और भागी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी कुत्ते कई पालतू पशुओं पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने और पीड़ित किसान को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आवारा कुत्ते किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। ग्रामीणों को विशेष रूप से इस बात की चिंता सता रही है कि कहीं ये कुत्ते पैदल स्कूल आने-जाने वाले बच्चों पर हमला न कर दें।