Edited By Kuldeep, Updated: 27 Oct, 2026 07:14 PM

बिलासपुर जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घुमारवीं पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है।
घुमारवीं (जम्वाल): बिलासपुर जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घुमारवीं पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के मल्यावर लिंक रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी से करीब 3.4 किलोग्राम चरस की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मल्यावर लिंक रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की रूटीन चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को गाड़ी के भीतर से 3.4 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चरस की खेप को कब्जे में ले लिया और कार सवार युवक को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान उमेश (30) निवासी गांव व डाकघर गढ़वाल, तहसील गोहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस थाना घुमारवीं में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चरस की खेप कहां से लाया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। जनता से अपील है कि नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।