Edited By Vijay, Updated: 17 Jul, 2026 05:48 PM

कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर के अंतर्गत आती धीरा तहसील के साथ लगती ग्राम पंचायत चौकी के समीप एक चलती बस में अचानक भयंकर आग लग गई। यह बस हिमाचल पथ परिवहन निगम पालमपुर डिपो की थी।
धीरा (गगन): कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर के अंतर्गत आती धीरा तहसील के साथ लगती ग्राम पंचायत चौकी के समीप एक चलती बस में अचानक भयंकर आग लग गई। यह बस हिमाचल पथ परिवहन निगम पालमपुर डिपो की थी। चलती बस से धुआं और लपटें उठती देख यात्रियों में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया, लेकिन इस आपात स्थिति में बस चालक ने गजब की सूझबूझ और तत्परता दिखाई। चालक ने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को एकदम बस से नीचे उतरने को कहा। सवारियों के सुरक्षित बाहर निकलते ही आग ने खतरनाक रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार आग की भेंट चढ़ी यह बस सरूट से पालमपुर वाया चौकी-धीरा रूट पर जा रही थी। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त बस के अंदर लगभग 10 से 12 सवारियां सफर कर रही थीं। गनीमत यह रही कि चालक की सतर्कता के कारण हादसे में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ और सभी सुरक्षित बच गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन उप केंद्र धीरा की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। प्रभारी उप अग्निशमन अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड का एक दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
चलती बस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद एचआरटीसी पालमपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक नीतेश शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने का मुख्य कारण सेल्फ साइड में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल, निगम द्वारा घटना के असल कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें