Edited By Vijay, Updated: 09 May, 2026 04:06 PM

मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बिंगा के गांव बिंगा निवासी विजय ठाकुर एवं सरला ठाकुर के बेटे प्रतिभाशाली युवा पशु चिकित्सक डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर ने एक बार फिर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
धर्मपुर (शर्मा): मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बिंगा के गांव बिंगा निवासी विजय ठाकुर एवं सरला ठाकुर के बेटे प्रतिभाशाली युवा पशु चिकित्सक डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर ने एक बार फिर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में आयोजित 17वें दीक्षांत समारोह के दौरान उन्हें डॉक्टरी की पढ़ाई में अपने 2015/2020 बैच में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस सम्मान से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा गांववासियों, अध्यापकों और अभिभावकों ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और अपनी शिक्षा के प्रत्येक चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आए हैं। अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उन्होंने लगातार शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। समारोह में राज्यपाल ने उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा अखिल भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, बरेली में आयोजित कार्यक्रम में पीजी की पढ़ाई में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम आने के लिए गोल्ड मैडल से सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरी बार मिली इस बड़ी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि डॉ. नवजोत सिंह अपने प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं में शामिल हैं।
वर्तमान समय में डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर मंडी जिला के वगस्याड़ पशु चिकित्सालय में पशु चिकित्सा अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपने कार्य के प्रति समर्पण और सरल व्यवहार के कारण वे स्थानीय लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिलेगी। डॉ. नवजोत सिंह की इस उपलब्धि पर अध्यापकों, अभिभावकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें