Edited By Kuldeep, Updated: 27 Jun, 2026 07:28 PM

तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा ने वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
धर्मशाला (नितिन): तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा ने वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। दलाईलामा ने अपने संदेश में कहा कि इस त्रासदी से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि पूरी मानवता एक परिवार की तरह है और संकट के समय एक-दूसरे की सहायता करना सभी का दायित्व है।
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे विभिन्न देशों के कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि वे इस कठिन समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़े हैं। दलाईलामा ने वर्ष 1992 में वेनेजुएला यात्रा को भी याद किया और वहां के लोगों द्वारा प्रेम, करुणा, संतोष और आपसी सद्भाव जैसे मानवीय मूल्यों के प्रति दिखाई गई भावना का उल्लेख किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यही मानवीय भावना वेनेजुएला के लोगों को इस कठिन दौर से बाहर निकलने में मजबूती देगी।