Edited By Kuldeep, Updated: 14 Sep, 2026 09:42 PM

जिला कांगड़ा पुलिस ने मैक्लोडगंज के अप्पर धर्मकोट में नशे के खिलाफ गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने देर रात एक निजी होस्टल में दबिश देकर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए।
धर्मशाला (ब्यूरो): जिला कांगड़ा पुलिस ने मैक्लोडगंज के अप्पर धर्मकोट में नशे के खिलाफ गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने देर रात एक निजी होस्टल में दबिश देकर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए। तलाशी के दौरान पुलिस को कूड़ेदान में छिपाए गए पर्स से 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.70 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा मिला। मैक्लोडगंज क्षेत्र में बीते एक महीने के भीतर रेव पार्टी पर पुलिस का यह दूसरा बड़ा एक्शन है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए होस्टल को लीज पर चला रहे मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी अमीर खान और राजस्थान के चित्तौड़गढ़ निवासी राधेश रंजन पजोरिया को हिरासत में ले लिया है।
आरोपियों के खिलाफ मैक्लोडगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 20, 21 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 56/2026 दर्ज की गई है। एएसपी कांगड़ा संजीव चौहान ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि होस्टल में पर्यटकों को नशा परोसा जा रहा है। उन्होंने मकान मालिकों और लीज पर प्रॉपर्टी देने वालों से किराएदारों का पुलिस सत्यापन करवाने तथा गैरकानूनी गतिविधि पर लीज रद्द करने का प्रावधान करने की अपील की है।
एक महीने में दूसरी बड़ी रेड, सप्लाई नैटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी मैक्लोडगंज के जंगल कॉलिंग रैस्टोरैंट में पुलिस ने दबिश देकर अवैध बीयर और नशीले पदार्थ जब्त किए थे। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि आरोपियों तक नशे की यह खेप किस माध्यम से पहुंची थी। नशे की सप्लाई चेन और मादक पदार्थों के मुख्य स्रोतों का पता लगाने के लिए पुलिस और अन्य सरकारी एजैंसियां आपसी समन्वय के साथ जांच को आगे बढ़ा रही हैं।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा का कहना है कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस नशे की सप्लाई से जुड़े पहलुओं और इसके स्रोत का गहराई से पता लगा रही है, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।