Edited By Kuldeep, Updated: 16 Aug, 2026 09:35 PM

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है।
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत मार्च 2027 में आयोजित होने वाली नियमित परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रतिधारण और नवीनीकरण की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश भर के शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। जो विद्यालय अपने संस्थान को परीक्षा केंद्र के रूप में बरकरार रखना चाहते हैं, वे 1 से 30 सितम्बर तक बोर्ड की वैबसाइट पर सामान्य शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद आवेदन करने पर कड़ा विलंब शुल्क लागू होगा। 1 से 15 अक्तूबर तक 1,000 रुपए और 16 से 31 अक्तूबर तक 2,000 रुपए लेट फीस देनी होगी। यदि कोई संस्थान 31 अक्तूबर तक भी आवेदन नहीं करता है, तो उसके मामले पर केवल बोर्ड सचिव या अध्यक्ष की विशेष अनुमति मिलने पर ही विचार किया जाएगा। इसके लिए संस्थान को 5,000 रुपए विलंब शुल्क और नियमानुसार दंड देना होगा।
आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए बोर्ड ने नियम, शर्तें और दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वैबसाइट में अपलोड कर दिए हैं। बोर्ड ने सभी स्कूलों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की जा सके। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीक-सक्षम बनाना हमारी प्राथमिकता है। इस ऑनलाइन व्यवस्था से स्कूलों को घर बैठे आवेदन की सुविधा मिलेगी और पूरे सिस्टम में जवाबदेही तय होगी। परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।