Himachal: आरोपी जेल से छूटा...अपने ही घर में 'कैद' होने को मजबूर हुई बेटी, बेबस मां ने DC से लगाई सुरक्षा की गुहार

Edited By Vijay, Updated: 11 Nov, 2026 12:09 PM

crime in chamba

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक बेबस मां अपनी बेटी के जीवन की रक्षा के लिए प्रशासन की चौखट पर गुहार लगाने को विवश है। अपने ही आंगन में सुरक्षा का जो भरोसा एक परिवार को होता है, वह एक सिरफिरे युवक की करतूतों से पूरी तरह टूट चुका है।

चम्बा (गायत्री): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक बेबस मां अपनी बेटी के जीवन की रक्षा के लिए प्रशासन की चौखट पर गुहार लगाने को विवश है। अपने ही आंगन में सुरक्षा का जो भरोसा एक परिवार को होता है, वह एक सिरफिरे युवक की करतूतों से पूरी तरह टूट चुका है। पूर्व में युवती पर प्राणघातक हमला करने के आरोप में जेल की हवा खा चुका आरोपी, अब जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से परिवार के लिए दहशत का सबब बन गया है। हर पल किसी अनहोनी की आशंका के साये में जी रही पीड़िता की मां ने अब अपनी बेटी को सुरक्षित माहौल दिलाने के लिए डीसी चम्बा का दरवाजा खटखटाया है।

सलूणी उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव ढबियूंड़ा की निवासी मैना पत्नी अमर सिंह ने इस गंभीर मामले को लेकर डीसी चम्बा मुकेश रेप्सवाल को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने और बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है। पीड़िता की मां ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उन्होंने बड़े अरमानों के साथ अपनी बेटी का रिश्ता जम्मू-कश्मीर के बनी क्षेत्र के एक युवक के साथ तय किया था, लेकिन कुछ ही समय पश्चात युवक का आचरण अमर्यादित होने लगा और वह फोन पर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। लगातार बढ़ती प्रताड़ना को देखते हुए परिवार ने इस रिश्ते को समाप्त करने का फैसला लिया।

महिला का आरोप है कि रिश्ता टूटने की बात से बौखलाया युवक प्रतिशोध की आग में इस कदर अंधा हो गया कि उसने कई बार उनके घर पहुंचकर युवती को नुक्सान पहुंचाने का प्रयास किया। हद तो तब हो गई, जब एक बार उसने युवती के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस वारदात में बेटी की जान बड़ी मुश्किल से बची। घटना के बाद परिजनों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। तब परिवार को उम्मीद बंधी थी कि आरोपी के सलाखों के पीछे जाने से उनकी मुश्किलें कम होंगी और बेटी भयमुक्त होकर जी सकेगी।

परिवार की यह राहत ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सकी, क्योंकि बाद में आरोपी के परिजनों ने उसकी जमानत करवा ली। मैना के अनुसार, जेल से बाहर आते ही आरोपी के हौसले इतने बुलंद थे कि वह कथित तौर पर दोबारा उनके घर जा धमका। घबराए परिवार ने तुरंत सलूणी पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई, परंतु महिला का कहना है कि इसके बावजूद उन्हें कोई स्थायी राहत नहीं मिली है। आरोपी अब फोन के माध्यम से युवती को लगातार गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनियां दे रहा है, जिससे बेटी सहित पूरा परिवार गहरे मानसिक अवसाद और खौफ के साये में जीने को मजबूर है।

एक मां के नाते अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला ने सवाल उठाया है कि आखिर उन्हें यह खौफ से आजादी कब मिलेगी? उनका कहना है कि वे पूर्व में भी सलूणी पुलिस के समक्ष कड़ी कार्रवाई की मांग उठा चुकी हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित सुरक्षा नहीं मिल पाई है। परिवार को प्रबल आशंका है कि आरोपी अपनी इन चेतावनियों को फिर किसी बड़ी वारदात में तब्दील कर सकता है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी चम्बा मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को त्वरित और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!