Edited By Vijay, Updated: 15 Mar, 2023 11:50 PM

गर निगम चुनाव के लिए प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने कमर कस ली है। इसके तहत पार्टी रोस्टर जारी होने के बाद प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। पार्टी इस समय चुनाव घोषणा पत्र को तैयार करने में जुटी है, जिसके लिए 8 सदस्यीय समिति का गठन किया जा चुका है।
शिमला (कुलदीप): नगर निगम चुनाव के लिए प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने कमर कस ली है। इसके तहत पार्टी रोस्टर जारी होने के बाद प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। पार्टी इस समय चुनाव घोषणा पत्र को तैयार करने में जुटी है, जिसके लिए 8 सदस्यीय समिति का गठन किया जा चुका है। इस समिति में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल, विधायक कुलदीप सिंह राठौर, हरीश जनारथा, भवानी सिंह पठानिया व चैतन्य शर्मा को शामिल किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह इससे पहले नगर निगम चुनाव को लेकर बैठक कर चुकी हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कहना है कि पार्टी जीत की क्षमता रखने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव मैदान में उतारेगी। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी शिमला नगर निगम और उसके बाद लोकसभा चुनाव भी जीतेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को प्रदेश की जनता नकार चुकी है। ऐसे में भाजपा शिमला नगर निगम में वापसी नहीं कर पाएगी।
माकपा शहर में सबसे सक्रिय पार्टी : संजय चौहान
पूर्व महापौर एवं माकपा नेता संजय चौहान का दावा है कि नगर निगम चुनाव में पार्टी अपना परचम लहराएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस ने शहर की जनता को ठगा है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में माकपा सबसे सक्रिय पार्टी है, जो हमेशा आम आदमी से जुड़े विषयों को उठाती रही है। माकपा का यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
आलाकमान से चुनाव को लेकर हो चुकी है चर्चा : सुरजीत
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर का कहना है कि आलाकमान से नगर निगम चुनाव को लेकर चर्चा हो चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर बैठकों का दौर शुरू हो जाएगा। शहर की जनता के लिए आम आदमी पार्टी बेहतर विकल्प है, जो उसकी समस्याओं के लिए अपनी आवाज उठा सके।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here