Mandi: मां लगाती रही फोन...बंद कमरे में खामोश पड़ा था बेटा, मकान मालिक ने दरवाजा खोला तो उड़े होश

Edited By Vijay, Updated: 06 Jun, 2026 04:14 PM

college student dies under suspicious circumstances

मंडी जिले के गोहर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत नेहरा और गणई क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी और मातम फैल गया, जब किराए के कमरे में रह रहे एक 25 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ।

चैलचौक (योगिंद्र): मंडी जिले के गोहर उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत नेहरा और गणई क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त सनसनी और मातम फैल गया, जब किराए के कमरे में रह रहे एक 25 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान देवन ठाकुर (25) पुत्र कुलदीप ठाकुर निवासी गांव सुंगल तहसील पालमपुर व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। इस होनहार छात्र की अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है।

जानकारी के अनुसार देवन ठाकुर औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग (स्थित गोहर, गुड़ाहरी) में अंतिम वर्ष  का छात्र था और बीते फरवरी महीने से ग्राम पंचायत गणई में एक निजी मकान में किराए पर अकेला रह रहा था। शनिवार को देवन की माता ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन जब बेटे ने फोन नहीं उठाया तो मां का दिल घबरा गया। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने तुरंत मकान मालिक को फोन किया और बेटे के कमरे में जाकर उसकी कुशलक्षेम जांचने का आग्रह किया।

मकान मालिक जब देवन के कमरे के बाहर पहुंचा तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल या जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। स्थिति को भांपते हुए मकान मालिक ने दरवाजे को जोर से हिलाया, जिससे वह खुल गया। अंदर का नजारा देखकर मकान मालिक के पैरों तले जमीन खिसक गई। देवन ठाकुर अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ा था।

घटना की सूचना तुरंत गोहर पुलिस और मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही गोहर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। वहीं, घटना की खबर सुनते ही औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के डीन पीएल शर्मा और अन्य स्टाफ सदस्य भी भारी मन से मौके पर पहुंच गए। फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का लग रहा है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच शुरू कर दी है। एसपी ने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, मौत के कारणों को लेकर किसी भी तरह की अटकलें लगाना उचित नहीं होगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!