Edited By Vijay, Updated: 13 Oct, 2026 06:50 PM

ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के तहत आने वाले जोह गांव की निवासी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हैड कांस्टेबल के पद पर तैनात अंजना कुमारी (56) का सोमवार को उपचार के दौरान निधन हो गया।
दौलतपुर चौक (परमार): ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के तहत आने वाले जोह गांव की निवासी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हैड कांस्टेबल के पद पर तैनात अंजना कुमारी (56) का सोमवार को निधन हो गया। वह वर्तमान में जम्मू में बीएसएफ की 141वीं बटालियन में अपनी सेवाएं दे रही थीं। मंगलवार को जोह गांव के मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां खड़का कैंप से पहुंची बीएसएफ की विशेष टुकड़ी ने उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ सशस्त्र सलामी देकर अंतिम विदाई दी।
स्थानीय निवासी राजीव कालिया ने बताया कि अंजना कुमारी जम्मू में अपनी ड्यूटी के दौरान अचानक अस्वस्थ हो गई थीं। इसके बाद उन्हें तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई गई। उनका पहले जम्मू में और स्थिति में सुधार न होने पर बाद में चंडीगढ़ में उपचार करवाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। मंगलवार को जब उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अंजना कुमारी के निधन से उनके परिवार का एक बेहद दुखद पहलू भी सामने आया है। उनके पति राकेश कुमार भी बीएसएफ की 90वीं बटालियन में हैड कांस्टेबल के पद पर सेवारत थे। वर्ष 2006 में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ड्यूटी के दौरान बीमारी के चलते उनका भी निधन हो गया था। पति के निधन के बाद अंजना कुमारी ने अकेले ही परिवार की पूरी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया था। अंजना कुमारी अपने पीछे दो बेटे, शुभम और अभिषेक छोड़ गई हैं। उनके निधन से इन दोनों युवाओं के सिर से मां का साया भी हमेशा के लिए उठ गया है। मंगलवार को अंतिम संस्कार के दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं और माहौल बेहद गमगीन था। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से अपनी बहादुर बेटी को अंतिम विदाई दी।
गगरेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश कालिया ने अंजना कुमारी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए ढांढस बंधाया। वहीं, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी जोह गांव पहुंचकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया और दिवंगत आत्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें