Edited By Vijay, Updated: 11 Mar, 2023 06:56 PM

पूर्व सरकार के कार्यकाल में खोले गए सैंकड़ों विभिन्न विभागीय दफ्तरों व संस्थानों को वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए जाने के विरोध में भाजपा ने शनिवार को बिलासपुर में आक्रोश रैली निकाली। इस आक्रोश रैली में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्य वक्ता के...
बिलासपुर (विशाल): पूर्व सरकार के कार्यकाल में खोले गए सैंकड़ों विभिन्न विभागीय दफ्तरों व संस्थानों को वर्तमान सरकार द्वारा बंद किए जाने के विरोध में भाजपा ने शनिवार को बिलासपुर में आक्रोश रैली निकाली। इस आक्रोश रैली में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। इस दौरान हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयराम ठाकुर की अगुवाई में बिलासपुर बाजार से होते हुए काॅलेज चौक तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। इस मौके पर जयराम ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर आंदोलनकारियों की भूमि है तथा बिलासपुर की जनता सरकार के जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ उठ गई है व अब पूरा प्रदेश उठेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर व मंडी ने भाजपा की सरकार बनवाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन बिलासपुरवासियों ने 4 में से 3 सीटें भाजपा को दी वहीं मंडी में भी एक सीट की कमी रह गई। विश्वास है अगली बार बिलासपुर व मंडी शत-प्रतिशत सीटें भाजपा को देकर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाएंगे।
कुछ अधिकारी अभी से कांग्रेस का एजैंट बनकर कर रहे काम : रणधीर शर्मा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कुछ अधिकारी अभी से कांग्रेस का एजैंट बनकर काम कर रहे हैं। भाजपा से जुड़े व्यवसायियों व कर्मचारियों को परेशान करना शुरू कर दिया गया है। उन्होंने चेताया कि ऐसे अधिकारी संभल जाएं अब हम ज्यादा दिन चुप नहीं बैठेंगे। वहीं विधायक जेआर कटवाल ने कहा कि सुखाश्रय के नाम पर करीब 3 हजार लोगों को लाभ देकर वाहवाही लूटने वाले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सैंकड़ों संस्थान बंद कर व विकासात्मक परियोजनाओं का पैसा रोककर आम जनता को अनाथ बना दिया है। इसी के विरोध में प्रदेश के हजारों लोगों से करवाए गए हस्ताक्षर बुधवार को भाजपा राज्यपाल को सौंपेगी।
सुक्खू सरकार सुख की नहीं, दुख देने वाली सरकार : राजेंद्र गर्ग
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि सुक्खू सरकार सुख की नहीं अपितु जनता को दुख देने वाली सरकार है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब हकों की लड़ाई लड़नी होगी, भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव व घर-घर जाकर आम आदमी को वास्तविकता बताकर आंदोलन की अलख जगाएं।
कांग्रेस ने चिट्टे के खिलाफ अभियान चलाने वाले डीसी व एसपी को बदला : जम्वाल
भाजपा प्रदेश महासचिव व बिलासपुर विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि पूर्व में भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही पहला निर्णय वृद्धा अवस्था पैंशन की आयु 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष कर जनहितैषी निर्णय लिया व वर्तमान कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही सैंकड़ों संस्थान बंद कर जनविरोधी निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ इन 2 माह में बिलासपुर में जोरदार अभियान चलाने वाले डीसी व एसपी को कांग्रेस सरकार ने आते ही बदल दिया लेकिन नए प्रशासन को भी चिट्टे की कमर तोड़नी होगी नहीं तो प्रशासन को चलने नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस सरकार ने बिलासपुर से 50 से अधिक संस्थान छीने : स्वतंत्र सांख्यान
भाजपा जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने कहा कि बिलासपुर ने जो नहीं मांगा वह भी भाजपा ने दिया। फोरलेन, एम्स, हाईड्रो इंजीनियरिंग काॅलेज सब बिना मांगे मिला व कांग्रेस सरकार ने बिलासपुर से 50 से भी अधिक संस्थान छीन लिए। इस मौके पर पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, जिला परिषद अध्यक्षा मुस्कान, भाजपा जिला उपप्रधान राम कुमार, सदर मंडलाध्यक्ष हंसराज ठाकुर, घुमारवीं मंडलाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, झंडूता मंडलाध्यक्ष महेंद्र सिंह, श्रीनयनादेवी अप्पर मंडलाध्यक्ष लेखराम व लोअर मंडलाध्यक्ष बाल कृष्ण, जिला महासचिव जोरावर सिंह, पंचायत प्रधान उर्मिला ठाकुर, भाजपा प्रदेश कार्य समिति स्वदेश ठाकुर, भाजपा मिडिया प्रभारी सोनल, जिला प्रवक्ता रोशन ठाकुर सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here