कुल्लू-मनाली हाईवे पर भयानक हादसा: पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, नाले में गिरने से 2 युवकों की मौत

Edited By Vijay, Updated: 05 Aug, 2026 05:47 PM

bike collided with bridge railing 2 youths died after falling into drain

कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसा सामने आया है। पतलीकूहल पुलिस थाना के समीप एक तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई।

नग्गर (आचार्य): कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसा सामने आया है। पतलीकूहल पुलिस थाना के समीप एक तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पुल पर ही गिर गई, जबकि दोनों युवक उछलकर नीचे बह रहे बडाग्रां नाले में जा गिरे। हादसा मंगलवार देर रात पेश आया।

देर रात अंधेरा होने के कारण इस हादसे की भनक किसी को नहीं लगी। घटना का खुलासा तब हुआ जब बंजार उपमंडल के थ्रींबला गांव निवासी प्रशांत अपने दोस्त विनय कुमार के साथ पराशर से मनाली लौट रहे थे। रात करीब 11:40 बजे जब वे पतलीकूहल थाने के पास पुल से गुजरे तो उन्होंने सड़क पर एक बाइक (एचपी 34ई-6538) गिरी हुई देखी। बाइक के बाईं तरफ रगड़ के निशान थे। किसी अनहोनी की आशंका के चलते जब उन्होंने मोबाइल की रोशनी से पुल के नीचे देखा तो पानी में एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नाले में रेस्क्यू और तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने पहले एक युवक को नाले से बाहर निकाला और कुछ दूरी नीचे जाकर दूसरे युवक का शव भी बरामद कर लिया। दोनों को बाहर निकालने के बाद उनकी पहचान कृपा राम और विक्रम के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंचे जिला बालोतरा (राजस्थान) के धोरीमन्ना निवासी रुणेशाराम ने पुलिस को बताया कि कृपा राम उसके क्वार्टर से बाइक की चाबी लेकर विक्रम के साथ 15 मील की ओर घूमने गया था। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार वापस लौटते समय तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना के संदर्भ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!