Edited By Kuldeep, Updated: 27 Oct, 2026 09:15 PM

आबकारी एवं कराधान विभाग की 5 टीमों ने मंगलवार को भवारना यूनिट के अंतर्गत आने वाले शराब के 16 ठेकों को सील कर दिया।
भवारना (अतुल): आबकारी एवं कराधान विभाग की 5 टीमों ने मंगलवार को भवारना यूनिट के अंतर्गत आने वाले शराब के 16 ठेकों को सील कर दिया। विभाग की टीमों ने शाम करीब 4 बजे फेटा बाजार, लोअर बस अड्डा, मनसिंबल और पुन्नर सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ठेकों पर सील लगा दी गई। जानकारी के अनुसार, करीब 2 सप्ताह पहले जिला कांगड़ा और हमीरपुर की टीमों ने भवारना के साथ लगते भीखाशाह में एक परिसर से अवैध शराब की पेटियां, स्टीकर और अन्य सामान बरामद किया था। इस मामले में मिली जानकारी के आधार पर आबकारी एवं कराधान विभाग ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
विभागीय जांच में आबकारी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। पिछले दिनों पंचरुखी में भी शराब से भरी एक जीप पकड़ी गई थी। इसके बाद से विभाग की टीमें लगातार जांच में जुटी हुई थीं। मंगलवार रात तक विभाग की कार्रवाई जारी रही। अब इन ठेकों की दोबारा नीलामी की जाएगी। आबकारी एवं कराधान विभाग कांगड़ा के असिस्टैंट कमिश्नर विनोद खन्ना ने बताया कि आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के उल्लंघन के चलते ठेकों को सील कर उनके लाइसैंस रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्रवाई जारी है।